शौचालयों के आवंटन में घोटाले का आरोप
सभासद के नेतृत्व में महिलाओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर किया प्रदर्शन जांच कराने की मांग की
मैनपुरी, जासं। आवास और शौचालयों के आवंटन में मनमानी और धांधली का आरोप लगाते हुए नगला कैथ की महिलाओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने डीएम से शिकायत कर मामले की जांच कराने की मांग की है।
शुक्रवार सुबह नगर पालिका के वार्ड नंबर 28 नगला कैथ की दो दर्जन से ज्यादा महिलाएं कलक्ट्रेट पहुंचीं। सभासद लक्ष्मी देवी का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा जान-बूझकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। असल में वार्ड में जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री आवास और शौचालय जारी किए जा रहे हैं, वे डूडा कार्यालय द्वारा आवंटित होते हैं। सभासद का काम सिर्फ ऐसे लाभार्थियों को वार्ड निवासी होने का प्रमाण पत्र जारी करना होता है। बाकी पूरा काम डूडा कार्यालय से ही होता है।
महिलाओं का आरोप है कि इस कार्य के लिए सुविधा शुल्क की मांग की जाती है। सिर्फ उन्हीं को लाभ मिलता है जो अनुचित मांगों को पूरा करते हैं। इनकार करने वालों के नाम सूची से काटकर सर्वे में उन्हें अपात्र दर्शा दिया जाता है। सभासद ने डूडा कार्यालय पर आरोप लगाते हुए आवासों के आवंटन की जांच कराने की मांग की है। महिलाओं ने डीएम महेंद्र बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपा है। संतोषी देवी, उपासना, मीरा देवी, कांती देवी, विनीता, निर्मला, कुसुम, आरती देवी, रामकली, गुड्डी देवी, शारदा, प्रेमपाल, राजकुमार आदि मौजूद थे।