अरब की मिठास से रोजा खोल रहे नमाजी
इफ्तार में खजूर का सेवन करने से मिलती है ताजगी और स्फूर्ति 100 रुपये से एक हजार रुपये प्रति किलो तक कीमत में उपलब्ध।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। रमजान के पाक माह में रोजा रखना हर सेहतमंद मुसलमान के लिए फर्ज माना गया है। दिन-भर भूखे-प्यासे रहने के बाद खुदा की इबादत कर रोजा खोला जाता है। रोजा खोलने के लिए खजूर ज्यादातर रोजेदारों की पहली पसंद बना हुआ है। खास बात यह है कि खजूर की मांग को पूरा करने के लिए जिले में अरब देशों से बड़ी मात्रा में आयात किया जाता है।
लेनगंज के थोक कारोबारी भगवान दयाल भन्नू का कहना है कि रमजान के महीने में सबसे ज्यादा मांग खजूर की होती है। ज्यादातर की आपूर्ति अरब देशों से होती है। ओमान, अरेबिया, सऊदी अरब, कजाकिस्तान के अलावा दूसरे अरब देशों से खजूर की अलग-अलग किस्मों को मंगाया जाता है। अकेले रमजान के महीने में ही जिले में लगभग दो हजार किलो से ज्यादा के खजूर का कारोबार होता है। लोगों की मांग के अनुसार 100 रुपये से एक हजार रुपये प्रति किलो तक कीमत का खजूर उपलब्ध है। पाक और अफगानिस्तान से आ रहा मेवा
खजूर के अलावा रोजेदारों की मांग पर मुनक्का और छुहारे की आपूर्ति भी कराई जा रही है। खास किस्म के मुनक्के की खेप को अफगानिस्तान के कांधार क्षेत्र से आयात कराया जा रहा है। जबकि छुहारा पाकिस्तान के अलग-अलग क्षेत्रों से मंगाया जाता रहा है। दुकानदार का कहना है कि पिछले तीन महीनों से छुहारे की आपूर्ति बंद चल रही थी। खजूर के पीछे जुड़ी धार्मिक मान्यता
शहर काजी हाफिज मुहम्मद मोमिन का कहना है कि इस्लाम के मुताबिक पैगंबर मोहम्मद साहब ने अपना रोजा खजूर के फल खाकर ही खोला था। इस्लामिक किताबों में भी बाकायदा इसका जिक्र है। तली-भुनी चीजें पूरी तरह से परहेज होती हैं। यह फल न सिर्फ शरीर को स्फूर्ति देता है बल्कि ताकत भी प्रदान करता है। यही वजह है कि खजूर खाकर ही रोजा खोला जाता है। खजूर है वैज्ञानिक महत्व
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. जेजे राम का कहना है कि खजूर फलों में बेहद पौष्टिक फल होता है। इसमें प्राकृतिक शुगर की मात्रा सर्वाधिक होती है। शरीर को तुरंत ही ऊर्जा मिलने लगती है। कार्बोहाइड्रेट और फाइबर जैसे दूसरे प्राकृतिक तत्व भी मिलते हैं, जो पेट के लिए फायदेमंद होते हैं। थोड़ी मात्रा में पोटेशियम और सोडियम भी मौजूद होता है जो नर्वस सिस्टम के कार्यों को बेहतर बनाए रखते हैं। पोटेशियम कोलेस्ट्रॉल को कम करता है, जिससे हार्ट अटैक का खतरा कम हो जाता है। खजूर खाकर रोजा खोलने से कब्ज से भी राहत मिलती है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप