बारावफात पर प्रतीकात्मक जुलूस निकाला
भोगांव संसू। कोरोना संक्रमण के चलते नगर में बारावफात के पर्व पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी सुबह ही प्रभात फेरी के रूप में प्रतीकात्मक जुलूस निकाला।
संसू, भोगांव: कोरोना संक्रमण के चलते नगर में बारावफात के पर्व पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी सुबह ही प्रभात फेरी के रूप में प्रतीकात्मक जुलूस निकाला। हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश के मौके पर बड़ा बाजार में स्थित मदरसा दरसुल कुरान से प्रभात फेरी के रूप में प्रतीकात्मक जुलूस शुरू हुआ। जुलूस में हजरत साहब की शान में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नात पढ़ी। प्रभात फेरी नगर के मुहल्ला मोहम्मद सईद प्रेमचिरैया, मुहल्ला मिर्धा, मुहल्ला आसरेत, फाजिलगंज सहित एक दर्जन मुहल्लों का भ्रमण कर मदरसे में आकर समाप्त हो गई। यहां लोगों ने मोहम्मद साहब को याद किया। इस दौरान जामा मस्जिद सदर शकील उर्फ फूलमियां, जामा मस्जिद इमाम मौलाना खालिद रजा नूरी, मोइन रजा, हाफिज रिजवान, हाफिज सादाब, चांद मुबारक, अफसर, नौशाद वारसी, समीर, आरिफ अली, अहमद अली, दानिश अली, गुलजार, तौसीफ खान, शमशाद, यासीन, सैफ रजा, आसिफ रजा, चंगेज, हाजी अमीन, मुफीद, फैजान, आफताब मौजूद रहे। शाम को घरों में लोगों ने मोमबत्तियों व झालरों से रोशनी की गई।
सजाई गई मस्जिदें
कुरावली: बारावफात पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा नगर की मस्जिदों को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों में विशेष उत्साह देखा गया।
हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस अर्थात बारावफात पर्व को लेकर नगर के गल्ला मंडी स्थित जामा मस्जिद, मोहल्ला पठानान स्थित मस्जिद, सराय वाली मस्जिद, महाजनान मस्जिद, कुरैशियान मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। इस अवसर पर जामा मस्जिद के सदर हाजी मोहम्मद सलीम कुरैशी ने बताया कि हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस को लेकर कोरोना प्रोटोकॉल का ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया प्रतिवर्ष निकलने वाला जुलूस ए मोहम्मदी इस वर्ष कोरोना के कारण नहीं निकाला जाएगा।
करहल में घरों पर की रोशनी
करहल : शुक्रवार को मुस्लिम धर्म प्रेमी जनों द्वारा इस्लाम धर्म के संस्थापक हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैह वसल्लम का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस बार कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए जुलूस-ए-मोहम्मदी का एहतमाम न करते हुए सिर्फ घरों और मस्जिदों पर बिजली की झालर लगाकर रोशनी की गई। बारह वफात पर्व के दिन कस्बे में पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
पुलिस की मौजूदगी में अता कराई नवाज
संसू, बिछवा: क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में पुलिस की मौजूदगी में नमाज अता कराई गई। साथ ही सभी को दूरी का पालन करने के भी निर्देश दिए गए। वहीं थानाध्यक्ष बिछवां नरेंद्र पाल सिंह ने कई मस्जिदों का निरीक्षण किया। सभी मस्जिदों में नमाज अता कराई गई।