दांव पर है मुलायम सिंह की साख, भाजपा के लिए है जीत की चुनौती
44 दिन पहले बजी लोकसभा चुनाव की रणभेरी के बाद मंगलवार को प्रत्याशियों की परीक्षा होगी।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। 44 दिन पहले बजी लोकसभा चुनाव की रणभेरी के बाद मंगलवार को प्रत्याशियों की परीक्षा होगी। जिले में 17 लाख से अधिक मतदाता उनके भाग्य का फैसला करेंगे। इस चुनाव में सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है। वह नामांकन के बाद प्रचार के लिए केवल एक दिन गठबंधन की रैली में शामिल हुए। ऐसे में पार्टी के लिए यहां की जीत मायने रखती हैं। इधर, वर्ष 2014 में पराजित होने वाली भाजपा यहां इतिहास रचने को ताकत झोंके हुए है। इन दोनों के अलावा 10 अन्य प्रत्याशी भी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि जीत का सेहरा किसी के सिर बंधे, इतिहास बनना तय है।
चुनाव आयोग ने बीते 10 मार्च को 17वें लोकसभा चुनावों की अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद से चुनाव प्रचार का सिलसिला चल रहा था। दिन रात के प्रचार का शोर रविवार शाम को थम गया था। इसके बाद से प्रत्याशी और उनके समर्थक घर-घर अकेले दस्तक देने में जुटे हुए हैं। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन से यहां पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव मैदान में हैं तो भाजपा ने प्रेम सिंह शाक्य पर दांव लगाया है। गठबंधन प्रत्याशी मुलायम के लिए संयुक्त रैली 19 अप्रैल को हुई थी। जिसमें अखिलेश यादव, मायावती और खुद मुलायम सिंह ने मतदाताओं से समर्थन मांगा था। वहीं भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करने के लिए 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रैली की थी। इससे पहले डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा भी जनता से समर्थन मांगने आए थे। ------
लोकसभा क्षेत्र में विधानसभाएं
मैनपुरी
भोगांव
किशनी
करहल
जसवंतनगर
----
कहां कितने मतदाता
विधानसभा, पुरुष, महिला, अन्य
मैनपुरी, 181631, 154167, 16
भोगांव, 182973, 157149, 19
किशनी, 165402, 138692, 1
करहल, 198381, 165124, 7
जसंवतनगर 204409, 173881, 14
कुल मतदाता, 932796, 789013, 57