लापता युवती की गला घोंटकर हत्या, खेत में मिला शव
पांच दिन पहले लापता हो गई थी युवती दो के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज एक आरोपित गिरफ्तार एएसपी ने कुरावली में किया कैंप राजफाश को जुटी कई टीमें।
कुरालवी, संसू। पांच दिन पहले लापता हुई एससी युवती का शव मक्का के खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने घटना की रिपोर्ट दो युवकों के खिलाफ दर्ज कराई है। शव सड़ी गली हालत में था। परिजन घटना की वजह नहीं बता पा रहे हैं। वहीं गांव के लोग अलग-अलग प्रकार के कयास लगा रहे हैं। राजफाश करने को अपर पुलिस अधीक्षक कुरावली में कैंप किए हुए हैं। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना कुरावली के गांव कूकामई निवासी रामवीर सिंह की पुत्री रूबी (20) 10 जून की शाम चार बजे कुछ सामान लेने को गांव में दुकान पर गई थी, फिर नहीं लौटी। परिजनों ने समझा कि पड़ोस के किसी घर में बैठ गई होगी। देर शाम तक नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार उन्होंने घटना की तहरीर थाना कुरावली में दी थी। पुलिस जांच करने गांव आई थी, लेकिन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। परिजन आसपास के इलाके के अलावा रिश्तेदारियों में खोजबीन मु जुटे रहे, लेकिन सुराग नहीं लगा।
शुक्रवार सुबह युवती के घर से सौ मीटर दूर मक्का के खेत में तेज दुर्गध उठने पर लोग जानकारी लेने के लिए पहुंचे तो युवती का शव पड़ा मिला। शव सड़ी गली हालत में था। चेहरा बुरी तरह गला हुआ था। लोग चेहरे पर तेजाब डालने का अनुमान लगा रहे थे। एससी युवती की हत्या की सूचना पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ कुरावली दद्दन प्रसाद मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटकर हत्या बताया गया है।
परिजनों ने गांव के सुरजीत कुमार और पास के गांव नगरिया निवासी अभिषेक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपित भी एससी वर्ग के हैं। हत्या क्यों की गई, इसको लेकर रिपोर्ट में कोई उल्लेख नहीं किया गया है। घटना के कारण को लेकर परिजन भी चुप्पी साधे हुए हैं। वहीं ग्रामीण अलग-अलग प्रकार के कयास लगा रहे हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपित अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। घटना को लेकर अहम सुराग मिले हैं। जल्द मामले का राजफाश हो जाएगा।