मैनपुरी, जागरण टीम। निषाद पार्टी के अध्यक्ष और प्रदेश के मत्स्य राज्यमंत्री संजय निषाद ने कहा कि सरकार मछुआ समुदाय के बच्चों को शिक्षा जोड़ेगी। धनवान बनने के लिए व्यक्ति का ज्ञानवान होना सबसे जरुरी है। सरकार का उद्देश्य इस समुदाय को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना है।
गुरुवार को शहर के नुमाइश पंडाल में पार्टी के मंडलीय सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि हम निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं को एकजुट कर रहे हैं, इसी उद्देश्य के लिए यह मंडलीय कार्यक्रम किया है, इसमें मंडल से कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। संगठन के हर कार्यकर्ता की समस्या का निदान कराना ही उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि छह महीने पहले ही उनके प्रयासों से मछुआ कल्याण बोर्ड की स्थापना हुई थी। सरकार ने इस बोर्ड को 125 करोड़ रुपये दिए हैं, जिससे मछुआ समुदाय से जुड़े कामों को आगे बढ़ाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह सरकार इस समुदाय की उन्नति और विकास के लिए काम करने में जुटी है। समस्याओं का निदान कराया जा रहा है। समुदाय के बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को धनवान बनाना है तो पहले उसे ज्ञानवान बनाना होगा। इसके बाद वह धनवान और गुणवान बन सकेगा। एक सवाल के जवाब में मत्स्य राज्य मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार विकास से उपेक्षित समुदाय का भला करने में लगी है।