पारा गिरा, उमस ने सताया, गर्मी से नहीं मिली राहत
रविवार को अधिकतम तापमान लुढ़क कर आया 43 डिग्री पर सुबह चलीं शीतल हवाएं दिन में गर्मी से बेहाल दिखे लोग।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। रविवार को पारा गिरने के बाद भी उमस से लोग परेशान रहे। गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम की मार से हर कोई बेदम नजर आया। बाजार और प्रमुख सड़कों पर इसका प्रभाव देखने को मिला। वैसे सुबह चलीं शीतल हवाओं से नागरिकों को राहत जरूर मिली थी।
रविवार दिन का तापमान और दिनों की अपेक्षा तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। दो दिन पहले 46 डिग्री पर दिखने वाला 43 पर बना रहा, जबकि रात का तापमान भी सुधरा है। 30 पर दिखने वाला रात का पारा एक डिग्री नीचे गिरकर 29 पर आ गया। इसके बाद भी नागरिकों को गर्मी से निजात नहीं मिल सकी। सुबह नौ बजे के बाद गर्मी के कारण बनी उमस नागरिकों के पसीने छुड़ाती रही। हर कोई ऐसे मौसम के आगे बेबस नजर आया। वहीं, रविवार सुबह छह बजे के बाद चलीं शीतल हवाओं से नागरिकों को राहत जरूर मिली। दो घंटे ऐसा मौसम रहने के बाद गर्मी फिर शुरू होने से नागरिक पसीना-पसीना होते रहे। उधर, उमस का मौसम बनने से बाजार और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बस स्टेशन पर भी यात्री कम तादात में नजर आए। वैसे दिन में कई बार हवाओं से थोड़ी राहत भी मिलती रही।