प्रतिमा विसर्जन यात्रा में चौकन्नी रही पुलिस
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। प्रत्येक प्रतिमा के साथ पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। पुलिस के साथ होने के कारण किसी भी विसर्जन यात्रा में गड़बड़ी की स्थिति सामने नहीं आई।
जासं, मैनपुरी : गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। प्रत्येक प्रतिमा के साथ पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। पुलिस साथ में होने के कारण किसी भी विसर्जन यात्रा में गड़बड़ी की स्थिति सामने नहीं आई।
पुलिस अधीक्षक अजय शंकर राय ने पहले से ही कड़े बंदोबस्त के निर्देश दिए थे। प्रत्येक प्रतिमा की विसर्जन यात्रा के दौरान पुलिस कर्मियों को साथ चलने की हिदायत दी गई थी। विसर्जन स्थल पर भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके साथ दमकल कर्मियों को भी लगाया गया था। संख्या कम होने के कारण प्रत्येक स्थान पर दमकल कर्मियों की तैनाती नहीं हो सकी। पूर्व में प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए पुलिस ने प्राइवेट गोताखोरों का भी इंतजाम किया था, जो विसर्जन स्थल पर मौजूद रहे। पूर्व के वर्षों में यात्रा के दौरान अराजकता की स्थिति सामने आती थी। कभी झगड़ा तो कभी मनचलों की हरकतों की शिकायतें मिलती रही हैं। पुलिस साथ में होने के कारण अराजकता की स्थिति उत्पन्न नहीं हो पाई है।