सड़क हादसे में होमगार्ड की मौत
बाइक से जा रहे होमगार्ड को अज्ञात वाहन ने टक्कर लगने से मौत हो गई। रक्षाबंधन के त्योहार पर घर में मातम पसर गया। राखी बांधने आई बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर कोतवाली के गांव गनेशपुर निवासी होमगार्ड देवेंद्र कुमार (40) शनिवार रात करीब आठ बजे शहर से वापस गांव जा रहे थे। अपने गांव के पास पहुंचे, तभी किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी : बाइक से जा रहे होमगार्ड को अज्ञात वाहन ने टक्कर लगने से मौत हो गई। रक्षाबंधन के त्योहार पर घर में मातम पसर गया। राखी बांधने आई बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
शहर कोतवाली के गांव गनेशपुर निवासी होमगार्ड देवेंद्र कुमार (40) शनिवार रात करीब आठ बजे शहर से वापस घर जा रहे थे। जब गांव के पास पहुंचे, तभी किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। गांव के लोगों ने होमगार्ड को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से सैफई रेफर कर दिया। सैफई ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिजन शव को वापस जिला अस्पताल ले आए।
देवेंद्र कुमार होमगार्ड होने के साथ ही कलक्ट्रेट पर बैनामा लिखने का काम भी करते थे। जानकारी मिलने पर तमाम बैनामा लेखक व स्टांप वेंडर जिला अस्पताल पहुंच गए। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर हुई घटना से हर कोई दुखी था। कुछ देर बाद देवेंद्र की बहन भी आ गई। उनका भी रो-रोकर बुरा हाल था। बहन गुड्डी रो-रोकर कह रही थी वह तो अपने भाई को राखी बांधने के लिए आई थी। बहन को रोते देख मौजूद लोग भी अपने आंसू रोक नहीं पा रहे थे। अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। सड़क हादसों में कई घायल
त्योहार के चलते सड़कों पर वाहनों की संख्या काफी अधिक रही। पुलिस भी यातायात व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए रही, इसलिए कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इसके बावजूद आधा दर्जन हादसों में एक दर्जन लोग घायल हो गए। बिछवां के गांव खिरिया के पास बाइक से जा रहे जितेंद्र निवासी लउआ मानपुर फर्रुखाबाद बाइक फिसलने से घायल हो गए। वे अपनी बहन के घर गांव तिसौली में राखी बंधवाने जा रहे थे। भोगांव में जसराजपुर के पास दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। जिससे दो महिलाओं सहित चार लोग चोटिल हो गए। कुरावली में महादेवा के पास साइकिल व बाइक की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। कोसमा के पास बाइक फिसलने से अलीगंज निवासी राजेश व उसका भाई पप्पू चोटिल हो गया। नवाटेढ़ा के पास असंतुलित बाइक एक खड्ड में जा गिरी, जिससे बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। सड़क हादसों में बुजुर्ग व किशोर घायल : कन्नौज के थाना तालग्राम क्षेत्र के गांव कुशलपुरवा गांव वीरेंद्र की बहन लक्ष्मी देवी पत्नी शिवनाथ बेवर क्षेत्र के गांव जोत में रहती है। रविवार को वह बहन से राखी बंधवाने आए थे। राखी बंधवाने के बाद भाई-बहन दोनों सड़क पर पैदल जा रहे थे। तभी एक ट्रक ने टक्कर मार दी। पहिया वीरेंद्र के पैर के ऊपर से निकल गया। वे गंभीर रूप से घायल हो गए। लक्ष्मी देवी ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
दूसरी घटना में बेवर क्षेत्र के गांव अहमलपुर निवासी केशवराम (15) पुत्र अवधेश व मंजेश (13) पुत्र महेश रविवार दोपहर बेवर बाजार से राखी खरीदकर साइकिल से वापस गांव जा रहे थे। इटावा रोड पर पशु बाजार के पास एक कंटेनर ने टक्कर मार दी, जिससे केशवराम घायल हो गया। मंजेश के कोई चोट नहीं आई।