रात भर हुई झमाझम बारिश, हुआ जलभराव
तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने अब लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। शनिवार रात को भी पूरे जिले में झमाझम बारिश हुई। जिससे घरों में जलभराव हो गया। घर से निकलने में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। देहात क्षेत्रों में जगह-जगह कच्चे मकान धराशायी हो गए। जिससे लोगों को जान माल का नुकसान भी उठाना पड़ा। पूरी रात के बाद रविवार को सुबह दस बजे बारिश बंद हुई।
मैनपुरी: तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने अब लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। शनिवार रात को भी पूरे जिले में झमाझम बारिश हुई। जलभराव होने से घर से निकलने में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। देहात क्षेत्रों में जगह-जगह कच्चे मकान धराशायी हो गए। लोगों को जान माल का नुकसान भी उठाना पड़ा। रात भर बारिश होने के बाद रविवार को सुबह दस बजे बंद हुई।
गुरुवार से शुरू हुई बारिश से हर ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। शुक्रवार पूरी रात रिमझिम बारिश हुई थी, लेकिन शनिवार रात को झमाझम बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी जलभराव के चलते लोग घरों में कैद रहे। रात से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह दस बजे तक चलती रही, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बिछवां : विकास खंड सुल्तानगंज के गांव किन्हावर के मजरा रंगपुर की मुख्य सड़क पर बारिश के चलते जलभराव हो गया। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जलनिकासी कराए जाने की मांग की है।
कुसमरा: विकास खंड किशनी के गांव रामनगर में भी तेज बारिश के चलते बीच गांव में बना तालाब लबालब हो गया। पानी गांव की गलियों और घरों में भरने लगा। बारिश बंद होने के बाद भी कई दिनों तक ये पानी गलियों में भरा रहेगा। लोगों को न केवल निकलने में परेशानी होगी बल्कि बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहेगा। उन्होंने सांसद तेजप्रताप यादव से समस्या से निजात दिलाने की जाने की मांग की है।
भोगांव : शनिवार रात हुई तेज बारिश ने के चलते पूरे नगर में जलभराव के हालात बन गए। मुख्य रूप से मुहल्ला जगत नगर, आदर्श नगर, भीमनगर, हथियापोर, मुहम्मद सईद, कबीरगंज, मुहल्ला पथरिया, रसूलाबाद, मुहल्ला चौधरी आदि वार्डों में जलभराव के कारण लोग घरों से निकलने को भी परेशान रहे। इसके अलावा तहसील परिसर, रोडवेज बस स्टैंड पर भी जलभराव के चलते पूरे दिन जाम के हालात बने रहे। वहीं तहसील क्षेत्र के गांव दिवनपुर चौधरी व नगला सुमन के बीच पानी का तेज बहाव सड़क को बहा ले गया। दस मीटर तक सड़क कटने इन दोनों गांव के लोगों का तहसील व जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया।
किशनी : बरसात के चलते नगर व क्षेत्र में जलभराव से लोग परेशान रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जलभराव के चलते मरीजों को असुविधा हुई। जलभराव के चलते एंबुलेंस भी अस्पताल तक नहीं पहुंच सकीं। वहीं तहसील व ब्लॉक परिसर में पानी भर गया।
घिरोर: नगर की तहसील परिसर में बारिश होने से जलभराव हो गया। जब भी बारिश होती है तो यहां जलभराव होना आम बात है। कई बार इसे लेकर शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन आज तक यहां जलनिकासी के लिए कोई भी प्रबंध नहीं कराए गए।
आलीपुर खेड़ा: क्षेत्र के कई गांवों में बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। आलीपुर पट्टी में ही गलियों में जलभराव के चलते लोगों को निकलने में समस्या हुई। गलियां खस्ताहाल होने से यहां हल्की सी बारिश में भी जलभराव हो जाता है। पानी सूखने के बाद भी यहां दलदल से निकलने में लोगों को परेशानी होती है।