घर में चल रही थी नकली शराब फैक्ट्री
मैनपुरी, कुसमरा : घर के अंदर घटिया शराब की फैक्ट्री चल रही थी। रविवार रात पुलिस ने
मैनपुरी, कुसमरा : घर के अंदर घटिया शराब की फैक्ट्री चल रही थी। रविवार रात पुलिस ने छापामार शराब का जखीरा पकड़ लिया। केमिकल से नकली शराब तैयार की जा रही थी। तमाम उपकरण व सामग्री बरामद हुई है। एक अभियुक्त पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जबकि सरगना भाग जाने में सफल हो गया।
कस्बा कुसमरा में रामनगर रोड निवासी गौरव यादव के घर में रविवार रात पुलिस ने छापामारी की। गौरव यादव अपने भाई रौमी यादव व साथियों के साथ दीवार फांदकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर रौमी को दबोच लिया। अन्य अभियुक्त फरार हो गए। घर की तलाशी ली तो घटिया शराब फैक्ट्री संचालित होती मिली। ड्रम में रखा 100 लीटर शराब बनाने वाला केमिकल, 20 पेटी तैयार शराब, 150 से अधिक पेटी कांच की खाली बोतलें, बोतल पैक करने की मशीन, नकली रैपर, होलोग्राम व भारी संख्या में ढक्कन बरामद हुए। बरामद रैपर करीना व माधुरी ब्रांड के हैं।
मुहल्ले के लोगों ने बताया कि फरार गौरव यादव लंबे अरसे से अवैध शराब का धंधा कर रहा है। कुछ माह पहले नकली शराब के मामले में जेल भी गया था। जमानत पर छूटने के बाद से उसने फिर से धंधा शुरू कर दिया। चौकी इंचार्ज विजय ¨सह चंदेल ने बताया कि फरार गौरव यादव व उसके साथियों को तलाश किया जा रहा है। जल्द पकड़ लिया जाएगा।
लोगों के अनुसार, यूपी 100 पुलिस का वाहन हर रोज शाम को गौरव यादव के मकान के बाहर आकर खड़ा होता है। पुलिसकर्मियों के साथ गौरव यादव की अच्छी खासी दोस्ती है। इसके बावजूद शराब की फैक्ट्री के बारे में पुलिस को जानकारी न होने पर सवाल उठने लगे हैं।