दिनदहाड़े दंपती को घायल कर लूटा
मैनपुरी, करहल : शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे भोगांव निवासी दंपती को बाइक सवार दो बदमाशों ने घायल कर लूट लिया।
मैनपुरी, करहल : शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे भोगांव निवासी दंपती को बाइक सवार दो बदमाशों ने घायल कर लूट लिया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। घटना से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है।
थाना भोगांव के मौजेपुर निवासी दिनेश चंद्र की रिश्तेदारी थाना कुर्रा के गांव नगला कथूले में हैं। मंगलवार को रिश्तेदार के यहां शादी समारोह था। दिनेश चंद्र अपनी पत्नी उर्मिला व नाती मुकुल (10) के साथ शादी में शामिल होने के लिए आए थे। बुधवार सुबह नौ बजे वे पत्नी व नाती को बाइक पर बिठाकर वापस भोगांव जा रहे थे। सैफई-करहल बाइपास मार्ग पर गांव नगला अलाई के पास पीछे से अपाचे बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने ओवरटेक कर दिनेश चंद्र की बाइक रुकवा ली। तमंचे के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर दिनेश चंद्र के सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। बदमाशों के हमले से दंपती व उनका नाती भयभीत होकर शांत हो गए। बदमाश, उनके पास रखी नकदी, जेवर लूटकर सैफई की ओर फरार हो गए। बदमाशों के भागने पर पीड़ित दंपती ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी पुलिस ने बदमाशों को तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। गौरतलब है कि सैफई-करहल बाइपास मार्ग पर एक महीने पहले करहल निवासी ललित चौहान के साथ भी बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट की थी।