गुरुपूर्णिमा पर किया गुरुजनों का पूजन
गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर श्रीएकरसानंद आश्रम में महामंडलेश्वर से शिष्यों ने आशीर्वाद लिया।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी : गुरुपूर्णिमा महोत्सव जिले में धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं एवं शिष्यों ने गुरुजनों का पूजन कर उनसे आशीर्वाद लिया। दिन भर जगह-जगह पर धार्मिक आयोजन होते रहे।गुरुपूर्णिमा पर गुरुवार को शहर के पंजाबी कॉलोनी स्थित श्री एकरसानंद आश्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने गुरुओं का पूजन कर उनकी आरती उतारी। महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद जी महाराज का पूजन कर उनका माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। सुबह से ही यहां धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा। भक्तों ने भजन कीर्तन कर प्रभु नाम का गुणगान किया।
स्वामी हरिहरानंद जी महाराज ने कहा कि जीवन में गुरु का बड़ा महत्व होता है। गुरु और शिष्य की परंपरा सदियों पुरानी है। बच्चे की पहली गुरु उसकी मां होती है और दूसरा शिक्षक। गुरु ही है जो अपने शिष्यों को कुमार्ग पर चलने से रोकते हैं। उन्हें जीवन का अर्थ समझा परोपकार की शिक्षा देते हैं। दोपहर बाद से यहां विशाल भंडारे का आयोजन कराया गया। शहर के आवास विकास कॉलोनी स्थित गायत्री मंदिर में सुबह से ही भजन कीर्तनों का आयोजन कर महिलाओं ने प्रभु नाम का गुणगान किया।
इस मौके पर स्वामी नरेंद्रनानंद सरस्वती, स्वामी भूलानंद सरस्वती, रामेश्वरानंद, डॉ. ग्याप्रसाद दुबे, डॉ. संजीव मिश्र, हरिश्चंद्र सर्राफ, पुरुषोत्तम सर्राफ, विष्णु स्वरूप, लक्ष्मण स्वरूप, रामखिलाड़ी यादव आदि मौजूद थे।