विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गेहूं के आटे में निकला टेलकम पाउडर, मैनपुरी से लिए गए लैब की जांच में हुए फेल

By Veerbhan Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 24 Sep 2026 12:58 PM (IST)

मैनपुरी में रेडीमेड गेहूं के आटे में टेलकम पाउडर मिलाए जाने की पुष्टि हुई है। एक अनाधिकृत आटा निर्माण इकाई ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। बाजार में बिक रहे रेडीमेड गेहूं आटा में टेलकम पाउडर मिलाए जाने की पुष्टि हो गई है। 47 दिन पहले कस्बा ज्योंती खुड़िया में खेतों में संचालित अनाधिकृत आटा निर्माण इकाई से भरे गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गई है। लैब में नमूने फेल हो गए और उनमें टेलकम पाउडर मिला पाया है। 

हालांकि, राजकीय लैब द्वारा सील बंद लिफाफे में भेजी गई जांच रिपोर्ट अभी स्थानीय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय में नहीं पहुंची है, लेकिन विभागीय अधिकारियों को दूसरे माध्यम से इसकी जानकारी दे दी गई है। रिपोर्ट रिसीव होने के बाद ही अधिकारी अग्रिम कार्रवाई की बात कर रहे हैं।

छह अगस्त को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्रजीत, ब्रजेंद्र सिंह व पुलिस बल के साथ कस्बा ज्योंती खुड़िया में छापा मारा था। गांव के अंतिम छोर पर खेतों में संचालित एक आटा पैकिंग व निर्माण इकाई की जांच में वहां कई पैकिंग व पिसाई मशीनें मिली थीं। मौके से 43 बोरियों के ऊपर टेल्क लिखा मिला था।

बोरियों में टेलकम पाउडर भरा हुआ था। पूछताछ में निर्माण इकाई संचालक अजीत कुमार ने स्वीकारा था कि वे राजस्थान से पाउडर मंगाते थे। इकाई में स्थापित मशीनों के माध्यम से पावडर को आटा में मिलाकर अलग-अलग वजन के माध्यम से उनकी पैकिंग कर दी जाती थी।

टीम ने पाउडर और आटा के अलग-अलग नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे। आपात जांच के नाम पर जल्द रिपोर्ट मांगी गई थी, लेकिन विलंब हुआ। अब लैब रिपोर्ट में आटा में हाइड्रेटेड मैग्नीशियम सिलिकेट की पुष्टि हुई है।

अधिकारी मिलावट की बात तो स्वीकार रहे हैं, लेकिन आधिकारिक जानकारी देने से यह कहकर मना कर रहे हैं कि डाक अभी कार्यालय पर रिसीव नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट देखने के बाद ही मिलावट की मात्रा की जानकारी दे सकते हैं।

हानिकारक है हाइड्रेटेड मैग्नीशियम सिलिकेट

जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डा. जेजे राम ने बताया कि हाइड्रेटेड मैग्नीशियम सिलिकेट का प्रयोग टेलकम पाउडर बनाने में होता है। यह चमकदार होता है जो चिकनाहट को बढ़ाता है और बोरियों में नमी नहीं आने देता। लगातार इसका सेवन पाचन संबंधी समस्याओं को बढ़ाने के साथ कैंसर का कारक भी बनता है।

फिरोजाबाद में थी आटे की बड़ी सप्लाई

निर्माण इकाई के संचालक ने बताया था कि यहां तैयार आटा जिले के ग्रामीण इलाकों में बेचने के अतिरिक्त बड़ी खेप फिरोजाबाद क्षेत्र में भेजी जाती थी। हालांकि, अभी इकाई सील है। रिपोर्ट कार्यालय पर प्राप्त होने के बाद अग्रिम कार्रवाई आरंभ कराई जाएगी।

मिलावट तो मिली है, लेकिन सील बंद लिफाफा अभी हमें प्राप्त नहीं हुआ है। जांच रिपोर्ट कार्यालय पहुंचने के बाद ही आधिकारिक रूप से मिलावट की सही जानकारी दी जा सकती है।

-

- डा. श्वेता सैनी, सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय।