मैनपुरी को मिली 18.94 करोड़ रुपये की सौगात, पर्यटन मंत्री ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने मैनपुरी में 18.94 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

HighLights
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने 66 परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया।
कुल 18.94 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को मंजूरी मिली।
सड़क, नाली, अन्नपूर्णा भवन निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को 777.89 लाख रुपये की लागत से 53 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 1166.16 लाख की लागत से 13 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें सड़कों के निर्माण से लेकर गांवों व नगर पालिका क्षेत्र में इंटरलाकिंग व नाली निर्माण, अन्नपूर्णा भवन निर्माण आदि शामिल हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि जनपदवासियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने हमेशा विकास की सौगातें देने का काम किया है, चाहे नई विकास योजनाओं का लोकार्पण हो, शिलान्यास हो या करोड़ों रुपये की नई परियोजनाएं, जिनकी कभी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, आज वे योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। मैनपुरी में विकास की गति निरंतर आगे बढ़ रही है, अब मैनपुरी की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत सड़क निर्माण, उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय उप्र उद्योग विभाग द्वारा विकास खंड बेवर में विकसित लघु औद्योगिक आस्थान मल्लामई में अवस्थापना सुविधाओं के उच्चीकरण, ग्राम्य विकास विभाग, मनरेगा के तहत इंटरलाक व नाली निर्माण, अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण, जिला पंचायत के अंतर्गत सीसी निर्माण, डामरीकरण मार्ग आदि का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
इस दौरान विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, अध्यक्ष नगर पालिका संगीता गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद तोमर के अलावा जिलाधिकारी डा. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु आदि मौजूद रहे।
