तहसील में भीड़ उड़ा रही नियमों की धज्जियां
मैनपुरी जासं सदर तहसील में कोरोना की बंदिशों का अभाव है। कर्मचारी और फरियादी नियमों की धज्जियां उड़ा र हे हैं।
मैनपुरी, जासं: सदर तहसील में कोरोना की बंदिशों का अभाव है। कर्मचारी और फरियादी नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। खुले में छोड़िए, कार्यालयों में भी मास्क का अभाव खटकता है। सैनिटाइजर का उपयोग भी हवा-हवाई है। ऐसे हालात कोरोना संक्रमित मिलने के बाद भी बने हुए हैं।
शहर के कचहरी रोड पर सदर तहसील बनी है। यहां कार्यालय समय में सैकड़ों फरियादी, कर्मचारी, मुंशी आदि आते हैं। जागरण टीम गुरुवार दोपहर एक बजे यहां पहुंची तो एक खुले गेट के समीप पुलिस की गाड़ी खड़ी थी। इसके समीप कुछ पुलिसकर्मी बैठे हुए थे। अंदर जाते ही गेट के एक ओर एक बैनामा लेखक के बिस्तर पर कुछ फरियादी और ग्रामीण बैठे थे। ये सभी बिना मास्क के ही पास बैठकर शारीरिक दूरी की अनिवार्यता का उपहास उड़ाते दिखे। कुछ ऐसे ही हालात अन्य बस्तों पर भी दिखे। कार्यालयों में दिखी लापरवाही
अभी दो दिन पहले एक व्यक्ति के संक्रमित मिलने के बाद तहसील स्थित कार्यालयों का नजारा बदल नहीं सका है। यहां लेखपाल कार्यालय के अलावा दूसरे कार्यालयों में कर्मचारी मास्क लगाने से परहेज करते नजर आए तो सैनिटाइजर का अभाव भी दिखा। तहसील में हर रोज सैकड़ों फरियादी और कर्मचारियों का आना-जाना बना रहता है। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सबका जागरूक होना जरूरी है। सबको मास्क लगाने और शारीरिक दूरी का ख्याल रखने को समझाते हैं।
ऋषि राज, उप जिलाधिकारी।