भोगांव में दो पहिया वाहन चोरों का आतंक
नगर में बाइक चोरों का गिरोह बीते कई दिनों से सक्रिय है। पलक झ्
मैनपुरी, जागरण संवाददाता : नगर में बाइक चोरों का गिरोह बीते कई दिनों से सक्रिय है। पलक झपकते ही चोर बैंक व डाकघर की शाखाओं के बाहर तथा सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी बाइक को चुरा ले जाते हैं।
शुक्रवार को नगर के मुहल्ला आदर्श नगर निवासी महिपाल सिंह पुत्र हंसराज सिंह ने दोपहर लगभग 1:30 बजे नगर के छोटा बाजार में स्थित डाकघर के बाहर अपनी बाइक को खड़ा किया था। वह डाकघर से कार्य निपटाकर जब लौटे तो उसकी बाइक गायब थी। काफी तलाशने के बाद भी उसकी बाइक का कोई सुराग नहीं लग सका। 13 अक्टूबर को दोपहर लगभग 3:30 बजे बस स्टैंड के निवासी राजकुमार अपनी बाइक मैनपुरी रोड पर जिला पतंजलि स्टोर के बाहर खड़ी कर सामान खरीदने चले गए। कुछ ही देर में उनकी बाइक को चोरों ने चुरा लिया।
इसी तरह 15 अक्टूबर की दोपहर लगभग एक बजे गांव जीवनपुर निवासी विजय सिंह अपनी बाइक को आर्यावर्त बैंक की शाखा के बाहर खड़ी कर अंदर चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर उनकी बाइक गायब थी। चोर इन दिनों स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया सहित सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी बाइकों को निशाना बना रहे हैं। वाहन स्वामी की नजर हटते ही बाइक चोर घटना को अंजाम दे देते हैं। पुलिस के हाथ वाहन चोरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे चोरों के हौसलें बुलंद हैं।
एटा के युवक की बाइक चोरी
बिछवां : एटा के जसरथपुर निवासी गिरीश चंद्र शनिवार को क्षेत्र के गांव अंजनी में शांतिपाठ में शामिल होने आए थे। दोपहर करीब एक बजे उनकी बाइक शांतिपाठ स्थल के बाहर खड़ी थी। तभी चोरी चली गई। बाइक स्वामी ने थाने में तहरीर दी है।