विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी: जमीन नाम न करने से नाराज बेटे ने पिता को मारी गोली, हालत गंभीर

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 26 Oct 2026 02:46 PM (IST)

मैनपुरी में जमीन अपने नाम न करने से नाराज बेटे ने पिता को गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। जमीन नाम न करने से नाराज पुत्र ने रविवार की रात 10 बजे के करीब पिता को तमंचा से गोली मार दी। फायरिंग होते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया। घायल को आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में भर्ती कराया। एएसपी ग्रामीण ने सैफई पहुंच घटना की जानकारी ली है। मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है।

नगला महाजीत निवासी राजेश कुमार उर्फ राजू के नाम करीब 15 बीघा पैतृक भूमि है। उनके दो पुत्र गौरव और सौरभ हैं। जिसमें बड़ा पुत्र गौरव यादव शराब पीकर आए दिन जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाता है। रविवार की रात 10 बजे के करीब खाना खाने के बाद राजू पत्नी मंजू देवी के साथ घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे। तभी गौरव शराब के नशे में वहां आया और जमीन नाम कराने को लेकर विवाद करने लगा।

जब उन्होंने मना किया तो उसने जान से मारने के उद्देश्य से फायर किया। गोली सिर और हाथ में लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। चीख-पुकार सुन स्वजन और ग्रामीण दौड़कर वहां पहुंचे तो गौरव बाइक लेकर भाग गया। स्वजन उन्हें सीएचसी करहल लेकर पहुंचे। जहां हालत गंभीर होने पर राजू को आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई के लिए रेफर कर दिया।

सूचना पर एएसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी और करहल इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पांडेय ने सैफई पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मंजू देवी की तहरीर पर पुलिस ने गौरव यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एएसपी ग्रामीण ने बताया कि जमीन नाम न करने से नाराज पुत्र ने पिता को गोली मारी है। घायल के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।