भाभी का गला घोंट खुद थाने पहुंचा देवर
चाल-चलन में संदेह पर देवर ने गला घोंटकर भाभी को मौत के घाट उतार दिया। शव को कमरे में पड़ा छोड़कर खुद थाने में पहुंचे आरोपी ने अपने गुनाह का कुबूलनामा भी कर लिया। पुलिस को कमरे की चाबी सौंप शव का पोस्टमार्टम कराने की भी गुहार लगाई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है।
मैनपुरी, करहल : चाल-चलन में संदेह पर देवर ने गला घोंटकर भाभी को मौत के घाट उतार दिया। शव को कमरे में पड़ा छोड़कर वह शाम को खुद थाने में पहुंच गया। पुलिस को कमरे की चाबी सौंप अपने गुनाह को कुबूल भी कर लिया। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव गोंदई निवासी जोगेंद्र की शादी लगभग तीन साल पहले दिलमती (20) के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद जोगेंद्र दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में काम करने चले गए। उनके जाने के कुछ ही समय बाद दिलमती किराए के मकान में रहने लगी। उसका देवर प्रवेश कुमार भी भाई के साथ दिल्ली में ही काम करता है। 10 दिन पूर्व ही वह वापस गांव आया था। थाने पहुंचे आरोपित देवर प्रवेश कुमार ने बताया कि उसकी भाभी उसके भाई को धोखा दे रही थी। उसका चाल-चलन सही नहीं था। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद भी होता था। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।
विवाद के बाद मारपीट शुरू हुई तो उसने पहले दिलमती को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद भी वह शांत नहीं हुई तो उसका गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद शव को कमरे में ही पड़ा छोड़ा और कमरे में ताला लगाकर दिया। काफी देर तक वह इधर-उधर घूमता रहा। इसके बाद शाम करीब छह बजे पुलिस थाने जा पहुंचा। उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देने के साथ ताले की चाबी भी उपलब्ध कराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है।
थानाध्यक्ष ओम हरी वाजपेयी का कहना है कि आरोपी ने खुद ही घटना कुबूल की है। घटना की सूचना मृतका के पति को भी दी गई है।