विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी में चलती कार बनी आग का गोला, धू-धू कर जली; ड्राइवर की सूझबूझ से बचीं तीन की जान

By Vikram P Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 22 Apr 2026 10:00 PM (IST)

मैनपुरी के किशनी में बुधवार शाम एक चलती टाटा पंच कार में अचानक आग लग गई और वह देखते ही ...और पढ़ें

मैनपुरी में आग लगने के बाद पूरी तरह से जलकर खत्म हुई कार।

मैनपुरी में आग लगने के बाद पूरी तरह से जलकर खत्म हुई कार।

संवाद सूत्र, किशनी (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बुधवार की शाम हरियाली प्रोजेक्ट किशनी चौराहा–बसैत मार्ग पर दौड़ रही एक टाटा पंच कार अचानक आग की लपटों में घिर गई।

देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। चालक ने खुद के साथ कार में बैठे अन्य दोनों सवारियों की किसी तरह जान बचाई। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल ने किसी तरह आग पर काबू पाया।

इटावा के गांव नगला बने निवासी अमन पुत्र भोले सिंह बुधवार की दोपहर में अपनी बहन की शादी के कार्ड बांटने के लिए अपनी ससुराल नगला रूम थाना किशनी आया था। उसकी बहन की शादी 25 अप्रैल को होनी है।

अमन अपनी ससुराल पक्ष के दो लोगों अभिषेक व पप्पू के साथ नगला रामू से हरियाली प्रोजेक्ट होते हुए किशनी चौराहे की ओर जा रहा था, तभी शाम करीब पांच बजे अचानक चलती कार में आग लग गई।

यह देख चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे बबूल के पेड़ से टकराकर खंदी में जा गिरी। हालात बेकाबू होते देख अमन ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह कार की खिड़कियां खोलीं और अपने साथ बैठे दोनों लोगों को बाहर निकाल लिया।

इस दौरान तीनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। कार में लगी आग के कारण हरियाली प्रोजेक्ट में लगे पेड़ पौधों ने भी आग पकड़ ली और आसपास आग लग गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। बचीं