मैनपुरी प्रिंसिपल हत्याकांड: साथी ने दी थी सुपारी, पुलिस मुठभेड़ में तीन शूटर पकड़े गए
मैनपुरी में प्रधानाध्यापक यशपाल सिंह की हत्या उनके साथी रामपाल ने ही सुपारी देकर कराई थी। पुलिस मुठभेड़ में तीन ...और पढ़ें

मुठभेड़ स्थल पर पड़ी हत्यारों की बाइक।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। प्रधानाध्यापक की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि साथी रामपाल ने ही भाड़े के शूटरों से कराई थी। देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन हत्यारे गिरफ्तार कर लिए हैं। पैर में गोली लगने से एक शूटर घायल हो गया। पुलिस ने हत्यारों के पास से 80 हजार की नकदी, तमंचा और बाइक बरामद की है।
एएसपी ग्रामीण ने मौके पर पहुंच मुठभेड़ की जानकारी ली। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं साजिशकर्ता रामपाल और उसका एक अन्य साथी अभिषेक फरार हैं।
एलाऊ क्षेत्र में 21 सितंबर को स्कूल से लौटते समय दिन दहाड़े 52 वर्षीय प्रधानाध्यापक यशपाल सिंह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। साथी शिक्षक रामपाल ने अपने ही भाई रामवीर और भतीजे प्रशांत तथा अमित के खिलाफ भूमि विवाद के चलते हत्या किए जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई।
एसपी के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमें हत्यारों की तलाश में जुटी थीं। गुरुवार की देर रात सर्विलांस और एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम एलाऊ पुलिस के साथ वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि प्रधानाध्यापक हत्याकांड में शामिल हत्यारे क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
टीम में शामिल इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह चंदेल, धर्मेंद्र सिंह ने कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह और एलाऊ एसओ अवनीश त्यागी के साथ रात साढ़े 12 बजे के करीब घेराबंदी की तो एलाऊ क्षेत्र में अजीतगंज पेट्रोल पंप के सामने कच्चे निर्माणाधीन बाइपास रोड पर बाइक सवार टीम को देखते ही फायरिंग करने लगे।
जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा। टीम ने घेराबंदी कर तीन को गिरफ्तार कर लिया। सूचना पर एएसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी और सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच मुठभेड़ की जानकारी ली।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने अपने नाम अजय उर्फ शहंशाह निवासी बीबीपुर थाना सकरावा कन्नौज, शिवा और राजेश निवासी नगला गहियर कोतवाली मैनपुरी बताए। पुलिस ने उनके पास से 80 हजार की नकदी, एक बाइक और तमंचा बरामद किया है।
पूछताछ में गोली लगने से घायल मुख्य हत्यारोपित अजय उर्फ शहंशाह ने चौंकाने वाला खुलासा किया, बताया कि रामपाल ने दो लाख रुपये की सुपारी देकर यशपाल की हत्या कराई है। उसने शिवा और राजेश के साथ मिलकर 21 सितंबर को यशपाल की गोली मारकर हत्या की है।
एएसपी ने बताया कि पूछताछ में ये भी बात सामने आई है कि गांव रूई के पास स्थित विवादित भूमि इस हत्याकांड की वजह बनी और वादी रामपाल ने ही इस हत्याकांड की साजिश रची थी, हत्याकांड में कुल पांच लोग शामिल हैं, जिनमें से अजय, शिवा और राजेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता रामपाल और उसके साथी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल को इलाज के लिए सीएचसी जागीर पर भर्ती कराया गया है।
