प्याज डेढ़ गुना महंगा, नवरात्र में खपत से बढ़ गए आलू के दाम
त्योहारों से पहले आपूर्ति प्रभावित होने से प्याज तो रुला ही रहा है।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता: त्योहारों से पहले आपूर्ति प्रभावित होने से प्याज तो रुला ही रहा है। साथ ही नवरात्र के दौरान व्रत में आलू की खपत बढ़ने से इसके दामों में भी इजाफा हो गया है। गोभी, खीरा, करेला के दाम भी बढ़े हुए हैं।
बारिश से महाराष्ट्र में प्याज की फसल बर्बाद हुई है। ऐसे में प्याज उत्पादक शहरों तक में इसके दाम बढ़ गए हैं। मैनपुरी में भी नासिक समेत महाराष्ट्र से अधिकांश प्याज आता है। इसके चलते यहां पर भी प्याज के दाम डेढ़ गुने हो गए हैं। एक सप्ताह पहले 30 से 40 रुपये किलो बिकने वाला प्याज अब 60 से 80 रुपये में मिल रहा है। हालांकि, दीवाली तक प्याज के दामों में राहत की संभावना जताई जा रही है।
वहीं, नवरात्र में व्रत के आलू की खपत बढ़ गई है। व्रत में लोग आलू का सेवन ज्यादा कर रहे हैं। इस कारण आलू के दामों में भी पांच रुपये प्रति किलो इजाफा हुआ है। वहीं, भिडी, बैगन, लौकी समेत कुछ सब्जियों के दाम जस के तस हैं। उधर, टमाटर जरूर रसोई के लिए राहत लेकर आया है। यह अब तीस से चालीस रुपये किलो पर बिक रहा है। ये है स्थिति-
सब्जी 10 दिन पहले- अब
आलू 30-35
प्याज 40- 60 से80
टमाटर 40- 50
गोभी 40- 60
बंद गोभी- 80-100
खीरा- 30- 40
करेला- 50- 60
शिमला मिर्च 100- 120
(नोट: मूल्य प्रति किलो में) मंडी में नासिक से प्याज नहीं आने से भाव बढ़े हैं, फिलहाल भावनगर से प्याज आ रही है। दीपावली तक भावों केा लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता।
- अशोक, आढ़ती।
प्याज रसोई की जरूरत बन चुकी है। अभी राहत नहीं हो पाई कि अब भाव फिर से बढ़ गए। कम से ही काम चलाएंगे।
- अनिल कुमारी यादव, गृहणी।
अभी बाजार में खास सब्जी नहीं आई है। कुछ सब्जी जरूरत से ज्यादा महंगी बिक रही हैं। बच्चों की जिद के कारण खरीदनी पड़ती हैं।
- ज्योति मिश्रा, गृहणी।