अब अस्पताल में मरीजों को मुफ्त मिलेगा खाना
शासन से मिली अनुमति आचार संहिता तक डूडा कराएगा भोजन की आपूर्तिआदर्श आचार संहिता के बाद अस्पताल की रसोई में ही पकेगा मरीजों का भोजन
मैनपुरी: कार्पोरेशन से दवाओं की आपूर्ति सुलभ कराने के बाद अब शासन ने मरीजों के लिए एक और बड़ी राहत दी है। अब अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों और उनके एक तीमारदार को दो वक्त का भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। अगले सप्ताह से अस्पतालों के बिस्तरों पर भोजन की थाली मुहैया कराने की तैयारी शुरू हो गई है। आदर्श आचार संहिता तक भोजन की व्यवस्था डूडा के जरिए कराई जाएगी और उसके बाद अस्पताल की रसोई में ही भोजन पकाने के इंतजाम कराए जाएंगे।
100 बिस्तरों वाले जिला चिकित्सालय में मरीजों को भर्ती करने के लिए अलग-अलग वार्ड बने हुए हैं। विपरीत मौसम में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या डेढ़ से दो सौ तक पहुंच जाती है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके सागर का कहना है कि इन सभी मरीजों और उनके साथ रुकने वाले एक-एक तीमारदार को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। अगले सप्ताह से भोजन की व्यवस्था शुरू कराई जानी है।
आदर्श आचार संहिता लागू रहने तक मरीजों के भोजन का प्रबंध जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) से कराया जाएगा। उसके बाद अस्पताल की ही रसोई में भोजन के इंतजाम कराए जाएंगे। वार्डों में भर्ती होने वाले सभी मरीजों के अलावा एनआरसी में भर्ती माताओं के लिए भी थालियों का प्रबंध होगा।