विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी में 2.75 करोड़ की लागत से बनेगा 50 दुकानों का व्यावसायिक बाजार, मिलेगा स्वरोजगार का अवसर

Published: Fri, 25 Sep 2026 05:50 PM (IST)

मैनपुरी नगर पालिका धारऊ बाइपास रोड पर 2.75 करोड़ रुपये की लागत से 50 दुकानों का एक नया व्यावसायिक बाजार विकसित करने जा रही है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। नगर के साथ ग्रामीण क्षेत्र में कारोबार को बढ़ावा देने के लिए नगर पालिका अब धारऊ बाइपास रोड पर नया व्यावसायिक बाजार विकसित करने की तैयारी में है। करीब 2.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बाजार में लगभग 50 दुकानें प्रस्तावित हैं। निर्माण पूरा होने के बाद इन दुकानों को नगर पालिका की ओर से किराये पर आवंटित किया जाएगा। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।

धारऊ बाइपास नगर को ग्रामीण क्षेत्र से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। यहां बाजार विकसित होने से आसपास के गांवों के लोगों को खरीद-बिक्री के लिए नगर के अंदर आने की जरूरत कम होगी। ग्रामीण क्षेत्र के किसान और उत्पादक अपने कृषि व अन्य उत्पादों की बिक्री के लिए बाइपास पर ही दुकानें और बाजार की सुविधाएं पा सकेंगे।

इससे स्थानीय व्यापार को भी विस्तार मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका की योजना से स्थानीय युवाओं को भी स्वरोजगार का अवसर मिलेगा। किराये पर दुकान लेकर युवा विभिन्न कारोबार शुरू कर सकेंगे। बाजार के निर्माण से बाइपास क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने के साथ नगर पालिका की आय में भी इजाफा होने की संभावना है।

दुकानों के आगे बनेगी वाहन पार्किंग

धारऊ रोड पर प्रस्तावित व्यावसायिक बाजार में ग्राहकों के लिए दुकानों के सामने वाहन पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी। इससे खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानी नहीं होगी। नगर पालिका का प्रयास रहेगा कि बाजार में ग्रामीणों और किसानों की जरूरत का आवश्यक सामान एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके।

व्यावसायिक बाजार का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव पास होने के बाद बजट मिलते ही दुकानों का निर्माण कार्य शुरु कराया जाएगा।

-बुद्धि प्रकाश, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद।