मैनपुरी में पांच लाख रुपये से होगा मच्छरों पर वार, 30 स्प्रे मशीनें खरीदीं
मैनपुरी नगर पालिका ने मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए इस साल पांच लाख रुपये के बजट से छिड़काव ...और पढ़ें

शहर की गली में एंटी लार्वा स्प्रे का छिड़काव करता कर्मचारी।
HighLights
सभी 32 वार्डों में एक सप्ताह में छिड़काव होगा।
एंटी-लार्वा सहित कीटनाशकों का उपयोग किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। नगर में मच्छरों के प्रकोप को कम करने और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर पालिका ने इस वर्ष छिड़काव अभियान पर पांच लाख रुपये खर्च किए हैं। पिछले वर्ष इस मद में साढ़े तीन लाख रुपये खर्च हुए थे। इस बार बजट में डेढ़ लाख रुपये की बढ़ोतरी कर एंटी लार्वा सहित अन्य कीटनाशकों की खरीद की गई है। नगर के सभी 32 वार्डों में छिड़काव कराने के लिए टीमें लगाई हैं।
नगर पालिका का दावा है कि एक सप्ताह में पूरे शहर को कवर किया जाएगा। सभी 32 वार्डों में एक-एक टीम लगाई गई है। मच्छरों की रोकथाम के लिए नगर पालिका को मलेरिया विभाग की ओर से भी कीटनाशक उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे अभियान में सहयोग मिल रहा है।
अधिशासी अधिकारी बुद्धिप्रकाश ने बताया कि छिड़काव कार्य नियमित रूप से हो और कोई वार्ड छूटने न पाए, इसके लिए सफाई इंस्पेक्टरों को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
नगर में मच्छरों का प्रकोप रोकने के लिए नियमित छिड़काव पालिका के द्वारा कराया जा रहा है। जब भी कोई समस्या आती है तो ईओ को फोन करने से समस्या का समाधान हो जाता है।
- राजीव मिश्रा, सभासद प्रतिनिधि।
केवल छिड़काव ही नहीं, बल्कि सफाई और जलभराव की समस्या पर भी नगर पालिका को ध्यान देने की जरुरत है है। पालिका को शाम के समय भी एंटी लार्वा का छिड़काव शुरु कराना चाहिए।
- अनिल वर्मा, आवास विकास।
