दीपावली पर रोशनी से जगमगाएगा मैनपुरी, पालिका ने नई लाइटें लगवाना किया शुरू
नगर पालिका मैनपुरी दीपावली के लिए शहर को रोशन करने की तैयारी कर रही है। प्रमुख मार्गों पर 100 नई ...और पढ़ें

मैनपुरी में सड़कों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाते पालिकाकर्मी।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। दीपावली पर शहर की सड़कों और गलियों को रोशनी से जगमग करने के लिए नगर पालिका ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्योहार के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर वार्डों की गलियों तक अंधेरा दूर करने की कवायद की जा रही है। इसके तहत खराब पड़ी हाइमास्ट लाइटों की मरम्मत कराई जा रही है, वहीं प्रमुख मार्गों पर 100 नई लाइटें लगाई जा रही हैं।
पालिका की इस पहल से दीपावली पर लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और रात के समय सड़कों पर रोशनी रहेगी। नगर पालिका की ओर से शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर नई लाइटें लगाने का काम शुरू कराया गया है। इनमें आगरा रोड पर 30, ज्योति रोड पर 35 और भोगांव रोड पर 35 नई लाइटें लगाई जा रही हैं। इन मार्गों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी सहूलियत मिलेगी।
इसके साथ ही नगर के सभी वार्डों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी मोहल्ले में अंधेरा न रहे। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बुद्धिप्रकाश ने बताया कि दीपावली को देखते हुए प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही है। प्रमुख मार्गों पर नई लाइटें लगाने के साथ खराब लाइटों की मरम्मत भी कराई जा रही है, जिससे पूरा शहर रोशनी से जगमग रहे।
