विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी की अनाज मंडी में धान की बंपर आवक, ट्रैक्टरों की लाइन से लगा लंबा जाम

By Saurabh Kumar Shukla Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 15 Oct 2026 02:27 PM (GMT+05:30)

मैनपुरी की नवीन मंडी में 80 हजार क्विंटल धान की बंपर आवक से आगरा रोड पर भीषण जाम लग गया। ...और पढ़ें

मैनपुरी में नवीन मंडी के बाहर लगी ट्रैक्टरों की लाइन।

मैनपुरी में नवीन मंडी के बाहर लगी ट्रैक्टरों की लाइन।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। आगरा रोड स्थित नवीन मंडी में धान की बंपर आवक से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। बुधवार को 80 हजार क्विंटल धान पहुंचने से मंडी परिसर में वाहनों का दबाव बढ़ गया। मंडी गेट पर ट्रैक्टर-ट्रालियों और अन्य वाहनों के फंसने से जाम लग गया, जिसका असर आगरा रोड पर भी दिखाई दिया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से राहगीरों, किसानों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जाम की सूचना पर डीएम व एसपी भी मंडी पहुंच गए। कोतवाली पुलिस ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। बुधवार को सुबह से ही धान लेकर किसानों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मंडी परिसर में ट्रैक्टर-ट्रालियों की संख्या बढ़ने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। मंडी गेट पर वाहन फंसने से रास्ता अवरुद्ध हो गया और देखते ही देखते आगरा रोड पर भी जाम लग गया।

राहगीरों को निकलने के लिए इंतजार करना पड़ा। जाम की सूचना पर डीएम डा. इंद्रमणि त्रिपाठी, एसपी गणेश प्रसाद साहा, एसडीएम सदर श्याम प्रताप सिंह मंडी पहुंचे। डीएम के पहुंचने के बाद पुलिस ने वाहनों को व्यवस्थित कराया और आवागमन सुचारु कराया। मंडी में जाम की समस्या से निपटने के लिए अधिकारियों ने व्यापारियों को खरीदी गई उपज जल्द उठाने के निर्देश दिए हैं।

मंडी सचिव मनोज कुमार ने बताया कि व्यापारियों से अपनी दुकानों पर खरीदी गई उपज उठाने को कहा गया है, ताकि मंडी परिसर में वाहनों की भीड़ न बढ़े और जाम की स्थिति न बने। धान की आवक अधिक रहने के कारण व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। डीएम ने बताया कि उनके द्वारा मंडी में निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्थितियों को देखते हुए एसपी ने यातायात पुलिस को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।