मैनपुरी में करंट से मजदूर की मौत पर बवाल, परिवार ने शव रखकर सड़क जाम की
मैनपुरी में पुताई करते समय करंट लगने से एक 26 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। इसके बाद स्वजनों ने ...और पढ़ें

परिजनों को समझाते सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। एक मकान में पुताई करते समय गुरुवार को करंट की चपेट में आने से 26 वर्षीय मजदूर की मृत्यु के बाद शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे स्वजन ने देवी बाइपास रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। स्वजन मकान स्वामी की गिरफ्तारी के बाद ही शव के अंतिम संस्कार की बात पर अड़ गए हैं।
वहां पहुंचे सीओ सिटी और शहर कोतवाल स्वजन को समझाने में जुटे हैं। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर देर रात मकान स्वामी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी भी दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के नगला कैथ निवासी 26 वर्षीय आशीष कुमार अन्य मजदूरों के साथ नगर के मुहल्ला खरगजीतनगर में अनुज दुबे के मकान में पुताई का काम कर रहे थे। गुरुवार दोपहर दो बजे करीब दीवार पर पुट्टी करते समय बिजली केबल में लगे कट में उनका हाथ छू गया। जिससे करंट की चपेट में आने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।
देर रात मृतक के पिता हरी सिंह ने तहरीर देकर मकान स्वामी अनुज दुबे पर लापरवाही के चलते बिजली के तार खुले छोड़ने के कारण हादसा होने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सिपुर्द कर दिया गया।
स्वजन अंतिम संस्कार के बजाय सुबह साढ़े 10 बजे के करीब शव को देवी बाइपास रोड पर ले गए। जहां शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया गया। स्वजन मकान स्वामी की गिरफ्तारी न होने तक शव का अंतिम संस्कार ना करने की बात पर अड़ गए।
सूचना पर सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह और शहर कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया मौके पर पहुंचे। जहां सीओ सिटी स्वजन को समझाने का आश्वासन दे रहे हैं।
