भाजयुमो ने मानव श्रृंखला बना मांगा सीएए के लिए समर्थन
मैनपुरी जासं। सीएए के समर्थन में भाजयुमो की मानव श्रृंखला में भाजपाइयों ने अपना पूरा दम-खम झोंक दिया। एक किमी लंबी इस मानव श्रृंखला में राहगीरों और आम जन को भी शामिल कर उन्हें कानून की बारीकियों की जानकारी समझाई गई।
जासं, मैनपुरी: सीएए के समर्थन में भाजयुमो की मानव श्रृंखला में भाजपाइयों ने अपना पूरा दम-खम झोंक दिया। एक किमी लंबी मानव श्रृंखला में राहगीरों और आम जन को भी शामिल कर उन्हें कानून की बारीकियों की जानकारी समझाई गई।
भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा मंगलवार को नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में मानव श्रृंखला का आयोजन कराया गया। शहर के क्रिश्चियन तिराहे पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान ने कहा कि इस कानून का असली मकसद लोगों को नागरिकता देना है न कि उनकी नागरिकता छीनना। कुछ विरोधी दलों के लोग इस कानून के खिलाफ लोगों को बरगला रहे हैं। भड़काऊ बयानबाजी कर दंगे और फसाद करा रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से ही हम लोगों तक पहुंचकर उन्हें कानून की हकीकत समझाएंगे। दो सैकड़ा से ज्यादा भाजपाइयों और विद्यार्थियों ने क्रिश्चियन तिराहा से तांगा स्टैंड तक एक किमी लंबी मानव श्रृंखला बना भारत माता के जयकारे लगाए। इस मौके पर आलोक गुप्ता, गौतम चौहान युवा मोर्चा अध्यक्ष, डीसीबी चेयरमैन नरेंद्र सिंह राठौर, अजयपाल सिंह चौहान, शिवओंकारनाथ पचौरी, अरविद तोमर, अनूप मिश्रा, अमित गुप्ता, करनपाल सिंह चौहान, प्रदीप चौहान राज, राहुल भारतीय, सीमा चौहान, मनोरमा सिंह, अंकुर अग्निहोत्री, अनुराग पांडेय, अन्नू राठौर, शिवओम दीक्षित, सचिन राजपूत, रजत, पंकज बघेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
चला हस्ताक्षर अभियान
मानव श्रृंखला में शामिल होने आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से हस्ताक्षर अभियान में शामिल होने की अपील भी की गई। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने लगभग पांच सैकड़ा लोगों से समर्थन में हस्ताक्षर कराए।
कानून के समर्थन में ताक पर रखी धारा-144
जिले में धारा-144 लागू है। ऐसे में भीड़ जुटाए जाने पर पाबंदी है। भाजपा ने मानव श्रृंखला के आयोजन के लिए पुलिस ने अग्रिम अनुमति नहीं ली थी। शहर के मुख्य रास्ते में एक साथ भीड़ जमा होने की सूचना मिलने पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी भानुप्रताप सिंह ने इसे गैरकानूनी बताते हुए जवाब तलब किए। बाद में स्थिति को संभाल उन्होंने पुलिस अधीक्षक को पूरे कार्यक्रम की जानकारी देकर वाहनों का रूट डायवर्ट कराया।