विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP News: गैंगस्टर पर चला योगी सरकार का चाबुक, मैनपुरी में 15 करोड़ की जमीन की गई जब्त

By Prateek Bhadoria Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 03 Oct 2026 09:10 PM (IST)

मैनपुरी में एक गैंगस्टर की 12.5 बीघा भूमि कुर्क की गई है, जिसकी बाजार कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक ...और पढ़ें

मैनपुरी में गैंगस्टर की जमीन जब्त करने पहुंची टीम।

मैनपुरी में गैंगस्टर की जमीन जब्त करने पहुंची टीम।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। सीओ कुरावली और तहसीलदार ने राजस्व टीम के साथ फर्जी तरीके से भूमि का बैनामा कराने के बाद साथियों संग वृद्ध की हत्या करने के हत्यारोपित गैंग्स्टर की 12.5 बीघा भूमि कुर्क करने की कार्रवाई की है। डीएम डा. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर गांव फतेहजंगपुर में कुर्क की गई भूमि की सरकारी कीमत आठ करोड़ और बाजार में 15 करोड़ से अधिक बताई गई है।

कस्बा कुरावली के रहने वाले वारिस अली की बाइपास रोड पर बेशकीमती भूमि पड़ी थी। जिसका फर्जी तरीके से शिक्षक अरुण यादव और फतेहजंगपुर निवासी अभिषेक सिंह ने बैनामा करा लिया था। इसके बाद वारिस अली की हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने जब मामले की जांच की तो पता चला कि अरुण कुमार गैंग बनाकर कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है और अभिषेक गैंग का सक्रिय सदस्य है।

पुलिस ने गुंडा एक्ट की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी डीएम डा. इंद्रमणि त्रिपाठी और एसपी गणेश प्रसाद साहा द्वारा गैंग्स्टर की कार्रवाई कर भूमि जब्त करने के निर्देश दिए। जिस पर शनिवार को सीओ कुरावली सच्चिदानंद, तहसीलदार हिमांशु सिंह, पूर्ति निरीक्षक अमर सिंह, कुरावली इंस्पेक्टर ललित भाटी राजस्व टीम के साथ फतेहजंगपुर पहुंचे।

जहां टीम ने मुनादी कराने के बाद आरोपित अभिषेक के मकान पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया। इसके बाद टीम ने 12.5 बीघा भूमि कुर्क कर ने की कार्रवाई कर भूमि सरकारी नियंत्रण में ले ली है। एएसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि आरोपित अभिषेक पर हत्या, धोखाधड़ी और धमकी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उसके खिलाफ गैंग्स्टर की कार्रवाई की गई है।

प्रशासन द्वारा कुर्क की गई भूमि की अनुमानित सरकारी कीमत 8.03 करोड़ रुपये है, जबकि स्थानीय बाजार में इसका वर्तमान मूल्य करीब 15 करोड़ रुपये बताया गया है।