यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अलग-अलग बीमारियों से महिला समेत चार की मौत
कम नहीं हो रहा बुखार का प्रकोप इमरजेंसी से ही रेफर किए जा रहे मरीज

मैनपुरी, जासं। श्वांस, बुखार और दूसरी बीमारियों से एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि बुखार और श्वांस रोग की वजह से हालत बिगड़ने पर दर्जन भर मरीजों को सैफई के लिए रेफर कर दिया है।
अगस्त से जारी बीमारियों का हमला अभी कम नहीं हुआ है। बुखार और श्वांस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सबसे ज्यादा मरीज जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को सुबह से ही यहां मरीजों का तांता लगा रहा। बुखार के सामान्य मरीजों को तो भर्ती कर उपचार दिया गया, लेकिन गंभीर हालत में आए मरीजों को सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। भोगांव थाना क्षेत्र के छोटा बाजार निवासी पूजा (30 वर्ष) पत्नी अखिलेश की शुक्रवार सुबह पेट दर्द की वजह से तबीयत बिगड़ गई। स्वजनों ने दवा दिलाई, लेकिन कुछ ही देर बाद ब्लड प्रेशर कम होने से स्थिति खराब हो गई। स्वजन इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भोगांव थाना क्षेत्र के गांव मिरजापुर निवासी रामदुलारी (60 वर्ष) पत्नी गुलजारीलाल, आगरा रोड के मुहल्ला दरीबा निवासी फूलन देवी (59 वर्ष) पत्नी रामसेवक और पॉवर हाउस रोड निवासी रामरतन (70 वर्ष) की श्वांस रोग की वजह से तबीयत बिगड़ गई। स्वजन गंभीर हालत में उन्हें लेकर इमरजेंसी पहुंचे, जहां ईएमओ ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
