धान केंद्रों पर पहले दिन दिखी औपचारिकता
मैनपुरी जासं जिले में धान खरीद का पहला दिन औपचारिकता में सिमटता दिखा।
मैनपुरी, जासं: जिले में धान खरीद का पहला दिन औपचारिकता में सिमटता दिखा। कहीं केंद्र ही नहीं खुले तो कहीं वारदाना ही नजर नहीं आया। पंजीकरण कराने वाले किसानों को भी आगामी तिथि मिली। अब अगले दिनों में सरकारी धान खरीद केंद्रों पर खरीदारी होने के आसार है।
शासन ने एक अक्टूबर से जिले में सरकारी केंद्रों के जरिए धान खरीद के निर्देश दिए थे। तीन एजेंसियों के जरिए होने वाली खरीद के लिए जिले में 15 क्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव था। गुरुवार को पहले दिन ऐसे क्रय केंद्रों पर मात्र औपचारिकता ही नजर आई। कहीं वारदाना नहीं था तो कहीं कांटा ही नहीं दिखा। करहल और बेवर में तो पहले दिन कोई क्रय केंद्र खुला नहीं दिखा। करहल में तो अभी तक किसानों ने पंजीकरण ही नहीं कराया है।
जागीर में बनाए क्रय केंद्र के प्रभारी सर्वेस कुमार ने बताया कि वह आज अवकाश पर हैं। शुक्रवार को आकर इस काम को करवाएंगे। वहीं, बरनाहल में केंद्र तो खुला था, लेकिन कोई किसान नहीं आया। यहां अभी धान पका नहीं है। कुछ ऐसा ही शहर की नवीन मंडी में बनाए गए दो क्रय केंद्रों पर नजर आया।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी उदित नारायण सिंह का कहना था कि धान खरीद के लिए किसानों के पंजीकरण हुए हैं। यह काम चल रहा है। आगामी दिनों से इंतजाम ठीक हो जाएंगे।