विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी में बड़ा हादसा, शार्ट सर्किट से मोबिल आयल की दुकान में लगी आग; लाखों का हुआ नुकसान

By Chandra Shekhar Gaur Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 22 May 2026 10:27 PM (IST)

मैनपुरी के कचहरी रोड पर एक मोबिल आयल और बैट्री की दुकान में शार्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग ...और पढ़ें

मैनपुरी में मोबिल ऑयल की दुकान में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी।

मैनपुरी में मोबिल ऑयल की दुकान में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। नगर के कचहरी रोड पर बस स्टैंड के निकट शुक्रवार की देर शाम शार्ट सर्किट के चलते मोबिल आयल और बैट्री की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग विकराल रूप धारण कर चौथी मंजिल तक पहुंच गई। लपटें देख आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। बस स्टैंड के निकट पंकज माहेश्वरी की माहेश्वरी ट्रेडर्स के नाम से मोबिल आयल और बैट्री की दुकान है। रोजाना की तरह शुक्रवार की देर शाम आठ बजे के करीब वह दुकान पर बैठे थे।

तभी सवा आठ बजे के करीब दुकान की चौथी मंजिल पर शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। पीसीबी और मोबिल आयल रखा होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें देख पंकज ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने एकत्र होकर निजी संसाधनों से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।

तब तक आग ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह दमकल विभाग की टीम और तीन वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां टीम ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। परंतु तब तक दुकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।

दुकानदार पंकज माहेश्वरी ने बताया कि आग से उनका लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। वहीं कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आग के कारण और नुकसान के बारे में जानकारी की जा रही है।