मैनपुरी में प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी रही बेटी, सोते समय पिता ने मारी गोली
मैनपुरी में एक पिता ने अपनी बेटी को प्रेमी से शादी करने की जिद पर सोते समय गोली मार दी। ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पिता ने प्रेम विवाह की जिद पर बेटी को गोली मारी।
गंभीर रूप से घायल बेटी सैफई रेफर, हालत नाजुक।
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लिया, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। युवती के शादी करने से इन्कार करने पर गुस्साए पिता ने सोमवार दोपहर को सोते समय गोली मार दी। जब पत्नी ने रोका तो उन्हें भी मारने का प्रयास किया। पुलिस ने घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले पिता को हिरासत में ले लिया है।
एलाऊ क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 19 वर्षीय युवती के गांव के ही युवक से प्रेम संबंध हैं। वह उससे ही शादी करना चाहती है, लेकिन पिता ने लोकलाज के कारण बिना सहमति से युवती का रिश्ता दूसरे गांव के रहने वाले युवक के साथ तय कर दिया। परंतु युवती प्रेमी से ही शादी करने की जिद पर अड़ी है। इसी बात से पिता नाराज हो गया।
सोमवार की दोपहर दो बजे के करीब युवती अपनी मां और भाई-बहन के साथ कमरे में सो रहे थे। तभी वहां आए पिता ने तमंचा से युवती के सिर में गोली मार दी। फायर की आवाज सुन मां ने बचाने का प्रयास किया तो पिता ने उन्हें भी मारने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुन दौड़कर आए स्वजन को देखते ही पिता भाग गया।
मौके पर पहुंची एलाऊ पुलिस ने युवती को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पिता को हिरासत में ले लिया है। अब पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
एएसपी नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घायल युवती का इलाज चल रहा है। पिता पर ही गोली मारने का आरोप लगाया गया है। उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
