मौसम में फेरबदल से किसान परेशान
जागरण संवाददाता, मैनपुरी : कुछ दिन पहले हुई बारिश के बाद खिली धूप ने किसानों को राहत
जागरण संवाददाता, मैनपुरी : कुछ दिन पहले हुई बारिश के बाद खिली धूप ने किसानों को राहत तो दी लेकिन एक बार फिर करवट ले रहे मौसम ने ¨चता बढ़ा दी है। सुबह आसमान में बादल छा रहे हैं तो दोपहर में चटख धूप पसीना छुड़ा रही है। बारिश की आशंका भांप किसान खेतों में कटी पड़ी सरसों की फसल को समेटने में जुट गए हैं। मौसम के तेवर तल्ख होने लगे हैं। गर्मी अपना अहसास करा रही है। बदलते मौसम को देख किसान भी खेतों में खड़ी फसल की कटाई में जुट गए हैं। कहीं आलू की खोदाई चल रही है तो कहीं पककर तैयार खड़ी सरसों की फसल को काटने में किसान परिवार के साथ व्यस्त हैं। ज्यादातर खेतों में आलू और सरसों को काटने और खोदने के बाद खेतों में ही छोड़ दिया है। दो दिनों से सुबह के समय में आसमान में छा रही घटाएं अब किसानों की ¨चता बढ़ाने लगी हैं। मौसम के तेवर बदले देख किसानों को बारिश की आशंका सता रही है। परेशान किसान परिवार के साथ सरसों की फसल को खेतों से समेटने में जुट गए हैं। कृषि वैज्ञानिक डॉ. विकास रंजन चौधरी का कहना है कि फिलहाल बारिश की आशंका तो नहीं है, लेकिन एहतियात जरूरी है। यदि बारिश हो जाती है तो सरसों की कटी पड़ी फसल पर प्रभाव पडे़गा। फलियां बारिश के पानी की वजह से फूल जाएंगी और बाद में धूप निकलने से चटकने लगेंगी जिससे दाने जमीन में गिर जाएंगे और बड़ा नुकसान होगा। बेहतर है कि किसान फसलों को खेतों से समेटकर सुरक्षित स्थानों पर रख दें।