अपराध को छिपाएं नहीं, अपराधी को सामने लाएं
मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत आरसी महिला महाविद्यालय में हुआ जागरूकता कार्यक्रम।
जासं, मैनपुरी: सरकार का मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सुरक्षा और उनके सशक्तीकरण के लिए है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को शक्ति देना है, इसलिए अपराध को छिपाएं नहीं, बल्कि अपराधी को सामने लाएं, ताकि उसे उसके कृत्य की सजा मिल सके।
सोमवार को कुं. आरसी महिला महाविद्यालय में छात्राओं को कुछ इस तरह जागरूक किया गया। नोडल अधिकारी प्राचार्य डा. शेफाली यादव ने कहा कि मिशन शक्ति महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्राओं को वूमेंस पावर लाइन 1090, 1098, 181 और 112 के अलावा थानों में गठित महिला हेल्प डेस्क की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला और बालिका के साथ कोई भी छेड़छाड़ या यौन उत्पीड़न करता है तो बताए गए नंबरों पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है। शिकायत करने वाली बालिका व महिला का नाम, पता गोपनीय रखा जाता है।
महाविद्यालय की संयुक्त सचिव डा. सुशीला त्यागी ने कहा कि शिक्षा रूपी हथियार द्वारा छात्राएं खुद को सशक्त बनाएं, क्योंकि हमारा अज्ञान ही हमारा सबसे बड़ा शत्रु है।
इस अवसर पर डा. राजेश सेन, डा. कुसुम यादव, सविता, उत्तरा सिंह, शिवा शर्मा, शैलेंद्र कुमार, केपी सिंह, मोहम्मद अल्तमश के अलावा एनसीसी, एनएसएस की स्वयं सेविकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं। दहेजलोभियों ने किया बरात लाने से इन्कार
संसू, भोगांव: कस्बा के मुहल्ला अवंतीबाई नगर निवासी विमला देवी ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह मध्यप्रदेश के रतलाम निवासी राहुल के साथ तय किया था। राहुल बैंक में कर्मचारी है। 19 फरवरी को गोद भराई की रस्म संपन्न हुई थी, फिर लाकडाउन के कारण विवाह टल गया। बाद में विवाह की तारीख 24 नवंबर तय की गई। महिला के मुताबिक लड़के वालों ने बरात लाने से पहले दहेज में कार की मांग शुरू कर दी। कार न मिलने पर बरात लाने से इन्कार कर दिया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।