विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DM मैनपुरी खुद उतर गए खेत में, दराती लेकर काटी फसल; गुणा भाग कर जोड़ दी शुद्ध आय

By Saurabh Kumar Shukla Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 16 Oct 2026 10:27 PM (IST)

डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी ने मैनपुरी के धारऊ गांव में धान की क्राप कटिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रति हेक्टेयर ...और पढ़ें

धान के खेत में उतरकर आय का गणित समझाते डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी।

धान के खेत में उतरकर आय का गणित समझाते डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। धान की फसल से किसानों को होने वाली पैदावार और आय का वास्तविक आकलन करने के लिए शुक्रवार को डीएम डा. इंद्रमणि त्रिपाठी ने ग्राम धारऊ के मजरा नगला पीपल में क्राप कटिंग का निरीक्षण किया। किसान उमाशंकर के खेत में धान की किस्म 1692 की कटाई, मड़ाई और तौल कराई गई। इसके आधार पर एक हेक्टेयर में लगभग 61 कुंतल उत्पादन का आकलन किया गया।

खेती की लागत घटाने के बाद किसान को करीब एक लाख रुपये प्रति हेक्टेयर शुद्ध आय मिलने का अनुमान लगाया गया। डीएम ने कहा कि क्राप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर जिले की औसत उत्पादकता निर्धारित होती है। इन आंकड़ों का उपयोग प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आपदा राहत और अन्य किसान हितैषी योजनाओं में किया जाता है।

निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य 2400 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से एक हेक्टेयर की उपज का सकल मूल्य करीब 1.46 लाख रुपये आंका गया। किसान ने खेती की लागत 40 से 45 हजार रुपये बताई। डीएम ने किसानों से आलू, मौसमी सब्जियों और फूलों की खेती से आय बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने पाॅली हाउस निर्माण पर 50 से 70 प्रतिशत और ड्रिप सिंचाई पर 80 प्रतिशत तक अनुदान की जानकारी दी।

अधिकारियों को किसानों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद गांव में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 20 से 25 लाख रुपये स्वीकृत कराने का आश्वासन भी दिया।

हाथ में दराती देख हैरान हुए ग्रामीण

मैनपुरी डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी जब दराती लेकर खुद जब खेत में उतरे तो गांव वाले भी हैरान रह गए। डीएम ने खुद धान की फसल काटी। डीएम का यह तरीका देख अधीनस्थ भी चकरा गए।