विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी डीएम की एक और पहल...10 रुपये में लीजिए भरपूर भोजन; फरियादियों को नहीं भटकना पड़ेगा इधर-उधर

By Saurabh Kumar Shukla Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 10 Aug 2026 09:03 PM (GMT+05:30)

मैनपुरी कलेक्ट्रेट में फरियादियों के लिए 'अन्नदा प्रेरणा कैंटीन' शुरू की गई है, जहाँ मात्र 10 रुपये में स्वच्छ और ...और पढ़ें

मैनपुरी में सोमवार को अन्नदा प्रेरणा कैंटीन शुरू कराते डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी।

मैनपुरी में सोमवार को अन्नदा प्रेरणा कैंटीन शुरू कराते डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। दूर-दराज से अपनी फरियाद और जरूरी काम लेकर कलक्ट्रेट आने वाले फरियादियों को अब भोजन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। प्रशासन ने जनसहयोग से अन्नदा प्रेरणा कैंटीन की शुरुआत की है। यहां महज 10 रुपये में लोगों को स्वच्छ, पौष्टिक और भरपेट भोजन मिलेगा।

सोमवार को डीएम डा. इंद्रमणि त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, सीडीओ नेहा बंधु और एडीएम श्यामलता आनंद ने कैंटीन का शुभारंभ किया। कैंटीन के संचालन के लिए जनसहयोग से अब तक 16.64 लाख रुपये जुटाए जा चुके हैं

मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि महंगाई के दौर में 10 रुपये में स्वच्छ और भरपेट भोजन उपलब्ध होना बड़ी राहत है। डीएम ने कहा कि कलक्ट्रेट में विभिन्न कार्यों से आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए यह पहल की गई है। पूर्व में यहां गुड़-पानी की व्यवस्था थी, जिसे अब विस्तार दिया गया है।

उन्होंने बताया कि कैंटीन कार्य दिवसों में सुबह 11 से दोपहर साढ़े तीन बजे तक संचालित होगी। प्रतिदिन आने वाले लोगों की संख्या 100 से 400 तक होने पर भी सभी को भोजन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कैंटीन में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भोजन तैयार करेंगी।

इस दौरान एडीएम न्यायिक राजेश चंद्र, डिप्टी कलक्टर विकल्प, परियोजना निदेशक शोभनाथ चौरसिया, उपायुक्त एनआरएलएम शौकत अली, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डा. श्वेता सैनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।

सप्ताह के प्रत्येक दिन का मेन्यू तय

निर्धारित मेन्यू के अनुसार सोमवार को कढ़ी-चावल, मंगलवार को छोले-चावल, बुधवार को राजमा-चावल, गुरुवार को कढ़ी-चावल, शुक्रवार को छोले-चावल और शनिवार को राजमा-चावल मिलेगा। अवकाश के दिन कैंटीन बंद रहेगी।

यह भी पढ़ें- मैनपुरी DM ने चली चाल और फंस गए अफसर, एक जूम मीटिंग ने खोल दी पोल; 18 अधिकारियों का वेतन रुका