जर्जर सड़क पर जलभराव बढ़ा रहा मरीजों की मुश्किल
मैनपुरी जासं। जर्जर सड़क पर बढ़ती मरीजों की मुश्किलें भी जिम्मेदारों की आंखें नहीं खोल पा रही है। वर्षों से बदहाल पडे़ रास्ते की मरम्मत न होने की वजह से गर्भवती महिलाओं को परेशानी के बीच अस्पताल तक पहुंचना पड़ रहा है। तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन से इस समस्या का निस्तारण कराए जाने की मांग की है।
जासं, मैनपुरी: जर्जर सड़क पर बढ़ती मरीजों की मुश्किलें भी जिम्मेदारों की आंखें नहीं खोल पा रही हैं। वर्षों से बदहाल पडे़ रास्ते की मरम्मत न होने की वजह से गर्भवती महिलाओं को परेशानी के बीच अस्पताल तक पहुंचना पड़ रहा है। तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन से इस समस्या का निस्तारण कराए जाने की मांग की है।
100 शैय्या अस्पताल के नए भवन में महिला अस्पताल का संचालन भी कराया जा रहा है। रोजाना यहां लगभग पांच सैकड़ा मरीजों की ओपीडी पहुंचती है। गर्भवती महिलाओं के साथ बच्चे भी यहां इलाज के लिए पहुंचते हैं। टीबी अस्पताल से 100 शैय्या अस्पताल तक का लगभग 200 मीटर का रास्ता जर्जर है।
गिट्टी और मिट्टी उखड़ चुकी है। इस रास्ते पर पिछले कुछ दिनों से टीबी अस्पताल के पास से गुजरी भूमिगत पाइप लाइन टूटी हुई है। इससे लगातार पानी का रिसाव होने की वजह से रास्ते पर जलभराव के हालात बन रहे हैं। इसी रास्ते से गर्भवती महिलाओं और दूसरे मरीजों को गुजरना पड़ता है। अक्सर स्ट्रेचर और एंबुलेंस भी अनियंत्रित हो जाती हैं। तीमारदारों ने इस रास्ते की मरम्मत कराए जाने की मांग अस्पताल प्रशासन से की है।
रास्ते की मरम्मत के लिए सीएमओ और डीएम के सामने समस्या को रखा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही इस रास्ते को बेहतर बनवा दिया जाएगा।
डॉ. एके पचौरी, सीएमएस।