देवोत्थान आज, खूब बिके गन्ना और सिघाड़े
आज शादियों का महाकुंभ शहर में लग सकता है जाम एक दिन पूर्व बाजारों में जमकर हुई खरीदारी
जासं, मैनपुरी: चार माह से शयन अवस्था में विराजमान देव आज (बुधवार) को जाग्रत होंगे। इसी के साथ ही शुभ कामों की शुरुआत होगी और शहनाइयां भी गूंजेंगी। मंगलवार को देवोत्थान को लेकर घरों में तैयारियां होती रहीं। वहीं, पूजा में काम आने वाला गन्ना दस रुपये में बिका तो सिघाड़ा और शकरकंद आदि सामान भी जमकर खरीदा गया।
मंगलवार को इस त्योहार को लेकर शहर और कस्बों में खरीदारी को लोग घरों से बाहर निकले। गन्ना, सिघाड़े, आलू और शकरकंद खूब खरीदा गया। एटा के टिकू और कासगंज के दरियावगंज से आए देवलाल ने बताया कि वह हर साल यहां गन्ना बेचने आते हैं। इस बार भी एक गन्ना दस रुपये में बेच रहे हैं। कई और साथी यहां गन्ना बेचने आए हैं। बाजार में सिघाड़े की कीमत 20 रुपया प्रति किलो रही, जबकि शकरकंद का भी लगभग यही भाव रहा।
धार्मिक कार्यक्रम की हुई तैयारियां
देवोत्थान पर भगवान के स्वरूपों को नई पोशाक पहनाने के लिए महिलाओं ने बाजार में खूब खरीदारी की। लड्डू गोपाल और दूसरे देवों के अलावा तुलसी-सालिग्राम के लिए भी नई पोशाकें खरीदी गई।
बरात और बैंडबाजों की रहेगी धूम, लगेगा जाम
देवोत्थान पर बड़ा सहालग है। इसको लेकर शहर के सभी मैरिज होम पहले से ही बुक हैं। इसके अलावा शहर में घरों और खाली स्थानों पर भी शामियाने लगाए गए हैं। सबसे ज्यादा मैरिज होम होने के कारण स्टेशन रोड पर जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में बुधवार शाम को भी शहर में जाम के हालात हो सकते हैं।
मेकअप के लिए मारामारी
विवाह समारोह में सजने-संवरने का खासा क्रेज है। अनेक महिलाएं और युवतियों ने अपने परिजनों की शादी में मेकअप के लिए बुक करा रखी है। वहीं दुल्हनों ने भी ब्यूटिशयन को बुक कर लिया है। शहर के लगभग हर ब्यूटीशियन पर ब्राइडल मेकअप के लिए कई-कई बुकिग हैं।