डीएम ने खटखटाई घरों की कुंडी, लोगों से लिया फीडबैक
मैनपुरी जासं। लॉकडाउन-2 में स्थितियों का जायजा लेने के लिए डीएम और एसपी लाव-लश्कर के साथ सड़कों पर उतरे। कॉलोनियों का भ्रमण कर उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से फीडबैक लिया। आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर टोल-फ्री नंबरों के अलावा अधिकारियों के मोबाइल नंबरों पर सूचना दें।
जासं, मैनपुरी: लॉकडाउन-2 में स्थिति का जायजा लेने के लिए डीएम और एसपी लाव-लश्कर के साथ सड़कों पर उतरे। कॉलोनियों का भ्रमण कर उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से फीडबैक लिया। आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर टोल-फ्री नंबरों के अलावा अधिकारियों के मोबाइल नंबरों पर सूचना दें।
लॉकडाउन में लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी गई है। व्यवस्था बनाने के लिए जगह-जगह पर पुलिस की तैनाती है। प्रशासन द्वारा घरों पर ही जरूरत की सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। शुक्रवार की दोपहर जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पांडेय और दूसरे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ आवास विकास कॉलोनी पहुंचे। यहां पैदल भ्रमण किया।
लोगों से उनके घरों की कुंडी खटकाकर उनकी समस्याएं पूछी। हिदायत दी कि वे नियम का पालन करें और घरों से बाहर न निकलें। हरसंभव मदद घर पर ही पहुंचाई जाएगी। प्रशासन की टीमें और पुलिस के जरिए जरूरत का सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घर की छतों पर भी झुंड बनाकर न रहें। अचानक प्रशासनिक हलचल को देखकर लोगों में चर्चाएं होती रहीं। इस मौके पर एडीएम बीराम, एसडीएम सदर रजनीकांत, सीओ सिटी अभय नारायण राय आदि मौजूद थे।
खुलेंगी स्टेशनरी की दुकानें
डीएम का कहना है कि सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकानें की खुलवाई जाएंगी। स्टेशनरी, बिजली के सामान की दुकानें और दवा की दुकानें खोली जाएंगी। यहां शारीरिक दूरी का पालन करते हुए ही सामान उपलब्ध कराया जाएगा। हॉटस्पॉट जोन में फोन पर आपूर्ति कराई जाएगी।
होम क्वारंटाइन को पुलिस दिलाएगी जरूरी सामान
संसू, भोगांव : जिले में अब तक तीन सैकड़ा से ज्यादा लोगों को होम क्वारंटाइन किया जा चुका है। इन सभी को 14 दिन तक किसी प्रकार का मूवमेंट न करने की हिदायत दी गई है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार ने होम क्वारंटाइन किए गए लोगों के घरों तक जरूरी सामान पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। जरूरत पड़ने पर संबंधित को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से मदद लेने को कहा गया है। पुलिस लगातार होम क्वारंटाइन किए गए संदिग्धों की मॉनीटरिग कर रही है। भोगांव कस्बे के विभिन्न मुहल्लों में होम क्वारंटाइन एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जरूरतों को जानने के लिए पुलिस उनसे संपर्क बनाए हुए है। इंस्पेक्टर पहुप सिंह, कस्बा इंचार्ज भूपेंद्र सिरोही क्वारंटाइन के लिए घरों में बंद लोगों से संवाद कर उनकी जरूरतों को पूरा करने का भरोसा दे रहे हैं।