मैनपुरी: ततैया का छत्ता जलाने को लगाई आग, लपटें पहुंच गईं घर तक; लाखों का सामान राख
करहल के मनिहारान मुहल्ले में ततैया का छत्ता जलाते समय नगर पंचायत चेयरमैन की भाभी के घर में आग लग ...और पढ़ें

करहल में घर में लगी आग को बुझाने की कोशिश करते लोग।
HighLights
नगर पंचायत चेयरमैन की भाभी के घर में हुआ हादसा।
लाखों रुपये का सामान जलकर राख, दमकल ने आग बुझाई।
संवाद सूत्र, करहल (मैनपुरी)। कस्बे के मुहल्ला मनिहारान में बुधवार रात ततैया का छत्ता जलाते समय नगर पंचायत चेयरमैन की भाभी के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड के दो वाहनों ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी अब्दुल नईम की भाभी और ठेकेदार मोहम्मद शमीम की पत्नी घर की चौथी मंजिल पर ततैयों का छत्ता जला रही थीं। इसी दौरान आग की लपटें पास में रखे सामान तक पहुंच गईं। सामान में आग लगते ही घर में धुआं भर गया। आग की लपटें देखकर स्वजन और आसपास के लोग घबरा गए और घर से बाहर निकल आए। सूचना पर करहल और बैदपुरा से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते दमकल पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर सीओ अजय सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय, नायब तहसीलदार अनिल कुमार पांडेय, विद्युत विभाग के अवर अभियंता वाजिद अली, लेखपाल रवनीश यादव सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
