यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Mainpuri By Election 2022: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले, मैनपुरी का उपचुनाव भारत-पाकिस्तान के मैच जैसा
Mainpuri By Election 2022 डिप्टी सीएम ने भोगांव में युवा सम्मेलन और मैनपुरी में प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन को संबोधित ...और पढ़ें

मैनपुरी, जागरण टीम। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में पाकिस्तान का जिक्र कर नया दांव खेल दिया। ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह चुनाव भारत- पाकिस्तान के मैच जैसा है। इसलिए जात-पात से ऊपर उठकर भाजपा को वोट करें। सपा शासन में गुंडाराज था। मैनपुरी की जनता से यह सब सहा है। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को वोट कर सपा को सबक सिखाएं।
उप मुख्यमंत्री ने रविवार को भोगांव में युवा सम्मेलन और मैनपुरी में प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सामान्य क्रिकेट मैच हम सब देखते हैं। परंतु जो मैच कम अंतर वाला हो या भारत-पाकिस्तान के बीच है। उस मैच को देखने का आनंद चार गुना बढ़ जाता है। मैं जहां जा रहा हूं, वहां लोग जात- पात से ऊपर उठकर भाजपा को वोट कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के समय में भले आदमी की इज्जत-आबरू सुरक्षित नहीं थी। महिला- बेटियां घर से निकलने से डरतीं थी। थाने- चौकियाें पर गुंडों का कब्जा था। वे कहते थे समाजवादी पार्टी का नारा है, खाली प्लाट हमारा है। कोई दुकान, मकान ऐसा नहीं था, जहां सपा का झंडा लगाकर कब्जा नहीं किया गया। अब प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। गुंडे माफिया या तो प्रदेश छोड़ गए हैं या जेल में हैं। दूसरी तरफ केंद्र सरकार आतंकवाद के खात्मे में जुटी है।
केंद्र सरकार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकवादियों को खदेड़ने का कार्य किया है। इसलिए निर्भीक होकर गुंडाराज का जवाब देने के लिए भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को जिताने का काम करें। उपमुख्यमंत्री ने संविधान दिवस पर डा. बीआर आंबेडकर काे भी स्मरण किया। कहा कि बाबा साहब ने सभी को समान अधिकार देकर लोकतंत्र को मजबूत किया। आंबेडकर के अनुयायियों से एकत्रित होकर भाजपा के पक्ष में मतदान कर उनके सपनों को साकार करना चाहिए।
