Live Mainpuri CoronaVirus News Update: अहमदाबाद से लौटे तीन और पॉजिटिव
Live Mainpuri CoronaVirus News Update शुक्रवार को तीन में हुई थी संक्रमण की पुष्टि। अब तक हो चुकी है तीन की मौत। 10 हुए ठीक।
मैनपुरी, जेएनएन। कोरोना संक्रमण को अब तक काबू में रखने वाले जिले में प्रवासियों की आमद होते ही फिर संक्रमण तेजी से बढ़ने लगा है। शुक्रवार रात बेवर थाना क्षेत्र के नवीगंज में अहमदाबाद से लौटे दो व्यक्तियो में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद शनिवार दोपहर में भोगांव के रुई क्षेत्र के तीन और व्यक्तियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यह तीनों भी पिछले दिनों अहमदाबाद से ही लौट कर आए थे। इनका बीती 14 मई को सैंपल कराया गया था। अब इस इलाके को सील करने की कार्रवाई की जा रही है।
इससे पूर्व शुक्रवार दोपहर को युवती की मौत के बाद उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद देर शाम बेवर थाना क्षेत्र के नवीगंज कस्बे के दो लोगों की रिपोर्ट और पॉजिटिव आ गई। दोनों व्यक्ति पिछले दिनों अहमदाबाद से लौटे थे और उनको भोगांव जेएनवी में क्वारंटाइन किया गया था। संक्रमण के लगातार 6 मामले आने के बाद अब जिले में कुल केस 18 हो गए हैं, जबकि शुकव्रार सुबह हुई मौत के बाद मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। वहीं 10 मई को जिले एक व्यक्ति में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। गांव रकरा में चार दिन पहले हरियाणा के गुरुग्राम से आया 23 वर्षीय युवक आठ मई को जेएनवी में जांच कराने गया था। जांच के बाद उसे होम क्वारंटाइन कर दिया गया। रविवार रात युवक कोरोना जांच रिपोर्ट में पाॅजिटिव निकला। रात में ही डॉक्टरों की टीम ने कोरोना पॉजिटिव युवक को आइसोलेट करा दिया। युवक के छह स्वजन जेएनवी में क्वारंटाइन किए गए। अधिकारियों ने रकरा और रकरी गांव को सील करा दिया। पूरे गांव काे सैनिटाइज कराकर थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। गांव से गुजर रहे आलीपुर खेड़ा-बेवर मार्ग को पूरी तरह सील कर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। गांव की गलियों में भी पुलिस का पहरा लगा दिया गया।