Live Mainpuri CoronaVirus News Update: नए आ गए नाै और पॉजिटिव, 46 हुए एक्टिव केस
Live Mainpuri CoronaVirus News Update सभी नये संक्रमित बाहर से आए थे। जिले में हो चुके हैं अब तक 77 संक्रमित।
मैनपुरी, जेएनएन। जिले में प्रवासियों में कोरोना संक्रमण होने के चलते लगातार नए मरीज सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को दस मरीजों की पुष्टि हुई थी। वहीं शनिवार को बाहरी राज्यों से आए प्रवासियों में 9 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमित में दो व्यक्ति औडेन्य पड़रिया, दो व्यक्ति भोगांव और दो व्यक्ति औंछा के नगला मिंते के हैं। जबकि कुरावली के अलूपुरा, बेवर, करहल कस्बे में एक-एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। सभी नए मरीजों को भोगांव में आइसोलेट किया गया है। अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 46 हो गई है। वहीं जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 77 हो चुकी है। जिनमें से तीन लोगों की मौत हो चुकी है और 28 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। वर्तमान के हालातों में मैनपुरी में संक्रमण का आंकड़ा प्रवासियों और उनके संपर्क में आने वाले लोगों के कारण चिंताजनक होता जा रहा है।
शुक्रवार को भोगांव के गांव रकरा निवासी दिल्ली से आई महिला, उसके बेटे व बेटी की रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आ गई। भोगांव कस्बे के मुहल्ला मिर्धा में दिल्ली से आए युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। औंछा क्षेत्र के गांव पड़रिया में दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले युवक व बेवर क्षेत्र के गांव बागपुर में पॉजिटिव हुई नेत्रहीन किशोरी की मां, मैनपुरी के राजा का बाग की पॉजिटिव महिला की पुत्री में भी शुक्रवार को कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इनके अतिरिक्त जागीर क्षेत्र के गांव बघिरूआ में पॉजिटिव गर्भवती महिला की ननद की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव निकली। इन आठ मरीजों को भोगांव सीएचसी के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया। वहीं शाम को करहल कस्बे के मुहल्ला काजी की एक महिला की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। उसे सैफई पीजीआई के आइसोलेशन वार्ड भेजा गया है। जिले का निवासी एक अन्य व्यक्ति पॉजिटिव मिलने के बाद सैफई में भर्ती है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार ने शुक्रवार को आइसोलेशन वार्ड में पहुंचकर कोरोना पॉजिटिव मरीजों की सेहत व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी जुटाई। डीएम ने बताया कि कोरोना संक्रमण को लेकर प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की जा रही है।