Live Mainpuri CoronaVirus News Update: जिले में मिले तीन नए पॉजिटिव, आंकड़ा 38 पर पहुंचा
Live Mainpuri CoronaVirus News Update जिले में संक्रमितों के ठीक होने का ग्राफ भी बढ़ा है। 18 मरीज हो चुके हैं ठीक।
मैनपुरी, जेएनएन। प्रवासियों की चहल-पहल ने जिले में कोरोना का कहर तेज कर दिया है। शनिवार की सुबह फिर से चिंता की खबर आई। शहर के मुहल्ला राजा का बाग गली नंबर आठ निवासी एक युवती के अलावा कुरावली और भोगांव के छाछा तीन लोगों के पॉजिटिव होने की बात कही जा रही है। शहर निवासी युवती हाल ही में गुड़गांव से मैनपुरी लौटी थी। जबकि दो अन्य संक्रमितों की भी ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें तीनों पॉजिटिव लोगों को भोगांव के आइसोलेशन सेंटर भेजने की तैयारी कर रही हैं। संदेह के आधार पर स्वजनों का सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया है। शुक्रवार देर रात सैफई लैब से वायरस की पुष्टि कर दी गई थी। सुबह से ही स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध परिवार को घर में बंद कर आवाजाही पर पाबंदी लगा दी। स्वजनों को फिलहाल होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। हालांकि प्रशासन ने अभी तीन लोगों के पॉजिटिव आने की अधिकृत पुष्टि नहीं की है। तीन अतिरिक्त पॉजिटिव केस मिलने के साथ जिले की अब कुल पॉजिटिव की संख्या बढ़ कर 38 पहुंच गई है। इनमें से 18 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि दो मरीजों में कोरोना की पुष्टि मौत के बाद हुई थी।
मैनपुरी जिले में प्रवासी बड़ी समस्या बनते जा रहे हैं। दूसरे शहरों से वापस लौटे लोगों में संक्रमण अधिक पाया जा रहा है। ग्रीन जोन में बदल चुके मैनपुरी में अब फिर से संक्रमितों के मिलने के बाद से खतरा बढ़ता जा रहा है। गनीमत है कि प्रवासियों को पहले क्वारांटाइन में रखा जा रहा है। गुरुवार को चार दिन पहले अहमदाबाद से एक परिवार वापस आया था। जिले में आने के बाद पति- पत्नी और उनकी 13 वर्षीय बेटी को जेएनवी भोगांव में क्वारंटाइन कर सैंपल लिए गए थे। तीनों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वहीं शाम होते होते तीन और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दूसरी तरफ जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के ठीक होने का सिलसिला भी जारी है। गुरुवार को तीन और मरीज ठीक हो गए थे।