Live Mainpuri CoronaVirus News Update: 24 घंटे में आए अब तक के सर्वाधिक केस, 10 पॉजिटिव
Live Mainpuri CoronaVirus News Update प्रवासियों ने बढ़ाई जिले की मुसीबत। कुल 68 पर पहुंच चुका है आंकड़ा।
मैनपुरी, जेएनएन। दिल्ली से आए प्रवासियों ने एक बार फिर जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में बीते 24 घंटे में रिकार्ड इजाफा किया है। भोगांव के गांव रकरा में एक परिवार के तीन सदस्यों सहित शुक्रवार को जिले में 10 नए केस सामने आए। कोरोना वायरस संक्रमण के नये मामलों की पुष्टि होने के बाद अब जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 68 हो चुकी है। जिनमें से तीन लोगों की मौत हो चुकी है और 28 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। वर्तमान के हालातों में मैनपुरी में संक्रमण का आंकड़ा प्रवासियों और उनके संपर्क में आने वाले लोगों के कारणचिंताजनक होता जा रहा है।
भोगांव के गांव रकरा निवासी दिल्ली से आई महिला, उसके बेटे व बेटी की रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आ गई। भोगांव कस्बे के मुहल्ला मिर्धा में दिल्ली से आए युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। औंछा क्षेत्र के गांव पड़रिया में दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले युवक व बेवर क्षेत्र के गांव बागपुर में पॉजिटिव हुई नेत्रहीन किशोरी की मां, मैनपुरी के राजा का बाग की पॉजिटिव महिला की पुत्री में भी शुक्रवार को कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इनके अतिरिक्त जागीर क्षेत्र के गांव बघिरूआ में पॉजिटिव गर्भवती महिला की ननद की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव निकली। इन आठ मरीजों को भोगांव सीएचसी के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया। वहीं शाम को करहल कस्बे के मुहल्ला काजी की एक महिला की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। उसे सैफई पीजीआई के आइसोलेशन वार्ड भेजा गया है। जिले का निवासी एक अन्य व्यक्ति पॉजिटिव मिलने के बाद सैफई में भर्ती है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार ने शुक्रवार को आइसोलेशन वार्ड में पहुंचकर कोरोना पॉजिटिव मरीजों की सेहत व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी जुटाई। डीएम ने बताया कि कोरोना संक्रमण को लेकर प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की जा रही है।