Live Mainpuri CoronaVirus News Update: दिल्ली से आया एक और प्रवासी मजदूर हुआ पाॅजिटिव
Live Mainpuri CoronaVirus News Update अब तक 11 मरीज हुए ठीक। दो की मौत। एक्टिव केस 14।
मैनपुरी, जेएनएन। प्रवासियों में कोराेना के लक्षण मिलने का सिलसिला नहीं थम रहा है। जिले में कुछ दिन पहले बेवर क्षेत्र के एक गांव में दिल्ली से आकर जांच कराने वाले युवक की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। रिपोर्ट मिलने के बाद युवक को क्वारंटाइन वार्ड से आइसोलेशन में शिफ्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 27 पहुंच गई है। अब तक 11 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि दो मामलों में मौत के बाद उनके पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। वर्तमान में जिले में 14 एक्टिव केस हो गए हैं। वहीं इससे पूर्व 20 मई को सुबह से देर शाम तक कोरोना संक्रमण के एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा मरीज सामने आए थे। मंगलवार सुबह दो व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की आधिकारिक पुष्टि की गई थी। मंगलवार को ही देर शाम छह और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। बुधवार सुबह डीएम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए छह नये मरीज मिलने की जानकारी शेयर की। यह सभी छह नये मामले प्रवासी मजदूरों से जुड़े थे। इनमें तीन मामले बेवर थाना क्षेत्र के गांव किल्ली परोंखा के थे। यह तीनों ही प्रवासी मालेगांव, महाराष्ट्र से लौटकर आए थे। एक व्यक्ति किशनी क्षेत्र के एक गांव सोनासी का था, यह हाल ही में अहमदाबाद से वापस लौटा था। अहमदाबाद से ही लौटकर आई जागीर क्षेत्र के गांव सगामई निवासी एक महिला भी संक्रमित मिली। यह सभी लौटने के बाद क्वारंटाइन हाउस में क्वारंटाइन रखे गए थे। इनके अलावा भोगांव क्षेत्र के गांव रुई निवासी एक युवक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई, बताया जा रहा है कि यह युवक भी मुंबई महाराष्ट्र से लौटकर आया था। जबकि दो मामलों में मौत के बाद कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बाहर से लौट रहे प्रवासियों से आइसोलेट रहने की अपील की है। डीएम ने कहा है कि गुपचुप लौटने वाले श्रमिक या किसी जिलेवासी को यदि को कोई लक्षण या दिक्कत महसूस होती है तो वह इसे छिपाए नहीं। प्रशासन से संपर्क कर अपनी जांच कराए। संक्रमितों की बढ़ी संख्या को देखते हुए सैंपलिंग तेज कर दी गई है।