थाने में पड़े फेरे, मना जश्न, चर्चा में रही शादी
चार दिन पहले फरार हो गया था प्रेमी युगल रिश्तेदारों ने कराया समझौता।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। चार दिन पहले घर से भागे प्रेमीयुगल का थाना कुर्रा में विवाह कराया गया। दोनों के रिश्तेदार व पुलिस कर्मी शादी के गवाह बने। इस दौरान मिठाईयां भी बंटी। जश्न भी मना, सभी ने नवदंपती को सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी। थाने में हुई शादी की चर्चा क्षेत्र में रही।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव नगला दूदे निवासी नरेश चंद्र व इटावा के थाना जसवंतनगर क्षेत्र में स्थित गांव शाहजहांपुर निवासी संबोध सिंह आपस में रिश्तेदार है। दोनों पक्षों का एक-दूसरे के यहां काफी आना-जाना है। नरेश चंद्र की पुत्री सरस्वती व संबोध सिंह के पुत्र चंद्रशेखर एक-दूसरे से विवाद करना चाहते थे। जबकि नरेश चंद्र अपनी पुत्री का विवाह दूसरी जगह करने की तैयारी कर रहे थे। सरस्वती इस शादी से खुश नहीं थी। 14 जून को सरस्वती व चंद्रशेखर फरार हो गए। दोनों ने इटावा पहुंच कर अपने परिजनों को सूचना दी कि हमारी शादी करा दो तो वापस आ जाएंगे।
दूसरी ओर सरस्वती के परिजनों ने चंद्रशेखर के खिलाफ थाने में तहरीर दी। दोनों के रिश्तेदार मामले को सुलझाने में जुट गए। पुलिस भी कार्रवाई कर रही थी। दोनों पक्षों को थाने लाया गया। थाने में दोनों पक्ष शादी कराने के लिए तैयार हो गए। विवाह के समय किसी प्रकार का विवाद न हो इसलिए दोनों पक्षों ने शादी कराने की इच्छा जताई। थानाध्यक्ष कुर्रा रूपेश कुमार सहमत हो गए। थाना परिसर में बने मंदिर में दोनों का विवाह करा दिया गया। शादी की रस्में संपन्न होने के बाद दुल्हन पति के साथ ससुराल चली गई।