Move to Jagran APP

रंगों से सराबोर रहे लोग, हवा में उड़ता रहा गुलाल

परंपरागत अंदाज में मना रंगोत्सव दिन भर रही धूम होलिका दहन के साथ हुआ पूजन गले मिल दी शुभकामनाएं।

By JagranEdited By: Published: Fri, 22 Mar 2019 10:09 PM (IST)Updated: Fri, 22 Mar 2019 10:09 PM (IST)
रंगों से सराबोर रहे लोग, हवा में उड़ता रहा गुलाल
रंगों से सराबोर रहे लोग, हवा में उड़ता रहा गुलाल

मैनपुरी, जागरण संवाददाता। रंगोत्सव के उल्लास में शहरवासी डूबे नजर आए। जिले में होली का त्योहार धूमधाम से परंपरागत अंदाज में मनाया गया। विधि-विधान पूर्वक पूजन के साथ होलिका दहन किया गया। इसके बाद फिजा में रंग उड़ने लगा। अबीर-गुलाल और रंगों की फुहार के साथ हर उम्र के लोग भीगे दिखायी दिए। बच्चों और युवाओं में होली का खासा उत्साह देखा गया।

loksabha election banner

बुधवार की सुबह से ही रंग पर्व का उल्लास चहुंओर छाने लगा। शहर की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर नंबर एक शिव मंदिर पार्क में निर्धारित समय पर 8:45 बजे होलिका का पूजन किया गया। मंत्रोच्चारण के साथ स्थानीय लोगों ने पूजा अर्चना की। पूजन के बाद सामूहिक रूप से होलिका दहन किया गया। लोगों ने परिक्रमा कर आखत डाली। इसके बाद मेल-मिलाप का सिलसिला शुरू हुआ। बैंडबाजों की धुन पर हुरियारों की टोलियों ने एक-दूसरे के गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। पैर छूकर बड़ों का आशीर्वाद लिया। देवपुरा, पंजाबी कॉलोनी, स्टेशन रोड, भांवत चौराहा, पुसैना तिराहा, आगरा रोड, सदर बाजार, घंटाघर चौराहा, मदार दरवाजा सहित नगर क्षेत्र के दो सैकड़ा से ज्यादा स्थानों पर होलिका दहन कर पूजन किया गया।

दिन भर युवाओं में रंगों का जश्न मनाया गया। पिचकारियों के अलावा गुब्बारों में रंग भरकर एक-दूसरे को रंगते दिखे। श्री एकरसानंद आश्रम में महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद महाराज ने लोगों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। महिलाएं ने भी खूब रंगे एक-दूजे के चेहरे: रंगोत्सव पर दोपहर होते ही महिलाओं की होली शुरू हो गई। बाल्टियों में रंग भरकर हर राहगीर पर फेंका गया। रंगों से रंगे चेहरे और हाथों में गुलाल भरकर महिलाओं और युवतियों ने रंग पर्व का जश्न धूमधाम से मनाया। जिला चिकित्सालय में स्टाफ नर्सों ने आपस में गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। रंग-बिरंगे चेहरे में अपनी सेल्फी लेने का जुनून भी खूब दिखा। चौकन्नी रही पुलिस: होली पर अनहोनी न हो, इसके लिए पुलिस भी बेहद सतर्क रही। सुबह होते ही टीमों को उनके निर्धारित रूट पर रवाना कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह सिरोही अपनी टीम के साथ शहर के सभी प्वाइंटों पर गश्त करते रहे। रेलवे गेट चौकी, आगरा गेट चौकी पर कैंप कर पुलिस अधिकारियों ने हालातों का जायजा लिया। यूपी 100 टीमों को भी खास जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके अलावा होमगार्ड और यातायात पुलिस कर्मियों ने शहर के सभी तिराहों और चौराहों पर निगरानी बरती।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.